बारां जिले के अंता में 10वीं की छात्रा ने बोर्ड परीक्षा के तनाव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अंग्रेजी का पेपर देने के बाद वह तनाव में थी। पिछले वर्ष असफल रहने का दबाव भी सामने आया है, फिलहाल मामले की जांच जारी है।
बारां जिले के अंता स्थित एनटीपीसी परिसर में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। बोर्ड परीक्षा के तनाव के चलते दसवीं कक्षा की एक छात्रा ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर छात्रा का शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
अंग्रेजी का पहला पेपर देकर लौटी थी घर
अंता थाने के सब इंस्पेक्टर मांगी लाल के अनुसार मृतका के पिता एनटीपीसी में सीआईएसएफ के जवान के रूप में तैनात हैं। गुरुवार को छात्रा का दसवीं बोर्ड परीक्षा का अंग्रेजी का पहला पेपर था। परीक्षा देकर घर लौटने के बाद वह तनाव में नजर आ रही थी। शाम के समय जब परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे, तब छात्रा ने कमरे के अंदर फांसी लगा ली।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत छात्रा को लेकर एनटीपीसी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और परिसर में शोक का माहौल है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि छात्रा पिछले वर्ष भी दसवीं की परीक्षा में असफल हो गई थी। इस बार परीक्षा को लेकर वह काफी दबाव में थी। पुलिस का मानना है कि परीक्षा के डर और पुराने परिणाम के तनाव के चलते छात्रा ने यह कदम उठाया।
छात्रा के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।