खेल

विंडीज की बड़ी जीत से भारत पर बढ़ा दबाव, दो धमाकेदार जीत अब अनिवार्य; समीकरण

वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराकर सुपर-8 में सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। इस जीत से भारत पर दबाव बढ़ गया है, जिसका नेट रन रेट बेहद खराब है। भारत को अपने दोनों शेष मैच जीतने के साथ अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे पर 107 रनों की विशाल जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की रेस में मजबूत दावेदारी पेश की। सोमवार को मुंबई के वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में कैरेबियाई बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। 107 रन की बड़ी जीत के साथ वेस्टइंडीज सुपर-8 ग्रुप-1 में 5.35 के बेहतरीन नेट रन रेट (NRR) के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं, जिम्बाब्वे का नेट रन रेट -5.35 है।

अंक तालिका में बड़ा बदलाव
वेस्टइंडीज की स्थिति मजबूत है और उनका नेट रन रेट ऐसा है कि उसे कम करने या किसी और टीम को उसकी बराबरी करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा। एक और बड़ी जीत उन्हें 2016 के बाद पहली बार टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में भेजने के लिए काफी होगा। अब वेस्टइंडीज का मुकाबला दूसरे स्थान पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका से है। दक्षिण अफ्रीका का नेट रन रेट 3.80 है। इन दोनों के बीच मुकाबला दिलचस्प होगा क्योंकि हारने वाली टीम के लिए रास्ता कठिन होगा। हालांकि, यह भारत जितना कठिन नहीं होगा।

भारत के लिए स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है। अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका से 76 रनों की करारी हार के बाद भारत का नेट रन रेट -3.80 है, जो ग्रुप में जिम्बाब्वे के बाद सबसे खराब है। भारत को अब अपने बचे हुए दोनों मुकाबले, 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ और एक मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ, हर हाल में जीतने होंगे। हालांकि सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, क्योंकि कमजोर नेट रन रेट भारत की राह में बड़ी बाधा बन सकता है।

सुपर 8 – ग्रुप 1 अंक तालिका

टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक नेट रन रेट
वेस्टइंडीज (WI) 1 1 0 0 2 +5.350
दक्षिण अफ्रीका (SA) 1 1 0 0 2 +3.800
भारत (IND) 1 0 1 0 0 -3.800
ज़िम्बाब्वे (ZIM) 1 0 1 0 0 -5.350

सुपर 8 – ग्रुप 2 अंक तालिका

टीम मैच जीत हार परिणाम नहीं अंक नेट रन रेट
इंग्लैंड (ENG) 1 1 0 0 2 +2.550
पाकिस्तान (PAK) 1 0 0 1 1 0.000
न्यूज़ीलैंड (NZ) 1 0 0 1 1 0.000
श्रीलंका (SL) 1 0 1 0 0 -2.550

भारत के लिए क्या समीकरण?

India T20 World Cup Semi Final Qualification Scenario After West Indies Win against Zimbabwe Record and Stats
भारतीय टीम – फोटो : IANS
समीकरण नंबर-1: द. अफ्रीका विंडीज को हराए और भारत बाकी दोनों मैच जीत ले
भारत को अब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दोनों शेष मुकाबले जीतने होंगे। जिम्बाब्वे से भारत का सामना 26 फरवरी को चेन्नई में और वेस्टइंडीज से भारत का सामना एक मार्च को कोलकाता में है। यदि भारत दोनों मैच जीतता है, तो उसके चार अंक हो जाएंगे। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका अपने दोनों मैच जीतता है तो उसके छह अंक होंगे और टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। ऐसे में भारत के लिए चार अंक सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त होंगे। क्योंकि बाकी दोनों टीमें अधिकतम दो-दो अंक तक ही रह पाएंगी। सेमीफाइनल में पहुंचने का यह सबसे आसान समीकरण है।

समीकरण नंबर-2: वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को हराया, तो फंसेगा मामला
हालांकि, सबसे बड़ा पेच तब फंसेगा, यदि वेस्टइंडीज दक्षिण अफ्रीका को हरा देता है। इस स्थिति में भारतीय टीम को अपने दोनों मैच जीतने के साथ-साथ यह भी उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे भी दक्षिण अफ्रीका को हराए। इस स्थिति में द. अफ्रीका महज दो अंक के साथ बाहर हो जाएगा। फिर वेस्टइंडीज और भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे। अगर वेस्टइंडीज की टीम द. अफ्रीका को हराती है और फिर दक्षिण अफ्रीका की टीम जिम्बाब्वे को हराती है और भारत भी अपने दोनों मैच जीतता है तो भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज तीनों के चार-चार अंक होंगे और तब फैसला नेट रन रेट से होगा। भारत का मौजूदा नेट रन रेट (-3.800) काफी कमजोर है, इस स्थिति में भारत को बाकी दोनों मैचों में बड़ी जीत की जरूरत होगी। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों पर 60-70+ रन की जीत ही टीम इंडिया को नेट रन रेट में ड्राइवर सीट पर बैठा सकती है।

समीकरण नंबर-3: भारत अगर एक मैच जीतता है तो राह कठिन, लेकिन नामुमकिन नहीं
अगर भारत सिर्फ एक मुकाबला जीत पाता है, तो स्थिति और जटिल हो जाएगी। दक्षिण अफ्रीका को अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। इस स्थिति में भारत की जीत वेस्टइंडीज के खिलाफ ही होनी चाहिए और वह भी 80+ रन के आसपास। तब भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे तीनों के 2-2 अंक हो सकते हैं। तब एक बार फिर नेट रन रेट ही निर्णायक कारक बनेगा। अगर अब भारत जिम्बाब्वे के खिलाफ जीतता है और वेस्टइंडीज से हारता है तो टीम इंडिया सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी। इस स्थिति में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज क्वालिफाई कर जाएंगे।

ग्रुप स्टेज में अजेय रही जिम्बाब्वे टीम का भी बुरा हाल
बहरहाल, वेस्टइंडीज की एकतरफा जीत ने सुपर-8 के समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं। जहां कैरेबियाई टीम सेमीफाइनल के करीब पहुंच चुकी है, वहीं भारत के सामने ‘करो या मरो’ जैसी स्थिति बन गई है। नेट रन रेट का भारी अंतर भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता बन गया है। नेट रन रेट के मामले में अब वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की बराबरी करना बेहद मुश्किल है। स्पष्ट है कि अब भारत की किस्मत पूरी तरह उसके अपने हाथ में नहीं रही। जिम्बाब्वे का भी कुछ यही हाल है। जिम्बाब्वे, जिसने ग्रुप चरण में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर सबको चौंकाया था, वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में दबाव में बिखर गया। पारी की शुरुआत में ही तीन ओवर के अंदर टीम 20 रन पर तीन विकेट गंवा बैठी। वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन की गेंदबाजी ने शुरुआती झटके दिए और टीम उबर नहीं सकी। 26 फरवरी को भारत और जिम्बाब्वे के बीच टक्कर से स्थिति कुछ हद तक साफ होगी।

वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए, जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। सपाट पिच पर पावर-हिटिंग का ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला जिसने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि, ब्रैड इवांस ने 21 गेंदों में 43 रन बनाकर कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन पूरी टीम 18वें ओवर में 147 रन पर सिमट गई। इस तरह वेस्टइंडीज ने 107 रनों से मुकाबला अपने नाम किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button