दिल्ली में नहीं होगा भारत और श्रीलंका वनडे?: डीडीसीए ने बीसीसीआई से की वेन्यू बदलने की अपील, जानिए वजह

भारत और श्रीलंका के बीच अगले महीने होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज का एक मुकाबला दिल्ली से बाहर शिफ्ट हो सकता है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने 13 दिसंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित भारत-श्रीलंका वनडे मैच की मेजबानी करने में असमर्थता जताते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से इसे दूसरी जगह आयोजित कराने का अनुरोध किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, डीडीसीए के एक सूत्र ने बताया कि एसोसिएशन ने आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई को इस संबंध में जानकारी दे दी है। इसके पीछे मुख्य वजह स्टेडियम में चल रहा रिनोवेशन का काम और दिसंबर के दौरान दिल्ली में रहने वाली प्रतिकूल मौसम परिस्थितियां हैं।रिनोवेशन और मौसम बनी बड़ी वजह
डीडीसीए के सूत्र ने बताया कि अरुण जेटली स्टेडियम में फिलहाल मरम्मत और नवीनीकरण का काम चल रहा है। ऐसे में दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का आयोजन करना मुश्किल होगा। इसके अलावा, सर्दियों के दौरान दिल्ली में मौसम की स्थिति भी मैच के आयोजन में बाधा बन सकती है। सूत्र के मुताबिक, एसोसिएशन ने बीसीसीआई से कहा है कि वह 13 दिसंबर को भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले वनडे मुकाबले की मेजबानी करने की स्थिति में नहीं है। अब बोर्ड के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।13 दिसंबर से शुरू होनी है वनडे सीरीज
श्रीलंकाई टीम अगले महीने भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। इसके बाद दूसरा वनडे बंगलूरू में और तीसरा मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। हालांकि, डीडीसीए के अनुरोध के बाद दिल्ली में होने वाले पहले वनडे के आयोजन स्थल में बदलाव की संभावना बन गई है।वनडे के बाद तीन मैचों की टी20 सीरीज
वनडे सीरीज के बाद भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी खेली जाएगी। इसके मुकाबले राजकोट, कटक और पुणे में निर्धारित हैं।




