खबरमध्य प्रदेश

प्रभारी सरपंच सविता चौहान ने फर्जी बिल लगाकर निकाल लिए 20 लाख रुपए 

प्रभार का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी प्रशासन नहीं कर रहा चुनाव

भोपाल,  25 फरवरी।भोपाल जिले के बैरसिया तहसील में अर्रावती ग्राम पंचायत में  अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट पर सामान्य वर्ग की सरपंच बनी हुई हैं। सरपंच सविता चौहान को 6 महीने के लिए प्रभार सौंपा गया था। प्रभार का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी प्रशासन वहां चुनाव नहीं कर रहा। ग्राम पंचायत के पंच लेखराम अहिरवार, पंच सुमित पचौरी और अन्य ग्रामीण जनों ने सरपंच सविता चौहान और सचिव राजपाल सोलंकी पर ग्राम सभा की अनुमति के बिना फर्जी बिल लगाकर 20 लाख रुपए निकालने का आरोप लगाया है। पंचों और ग्रामीण जनों का कहना है कि जहां पर निर्माण कार्य होना है वहां कोई कार्य शुरू नहीं किया गया और न ही कोई निर्माण सामग्री रखी गई है। पंचों और ग्राम पंचायत के लोगों ने जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी से शिकायत की और फर्जी बिल लगाकर 20 लाख रुपए के गबन की जांच करने की मांग की है। साथ ही सरपंच सविता चौहान और सचिव को निलंबित करने की मांग की है। पंच लेखराम अहिरवार ने बताया कि अर्रावती ग्राम पंचायत अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है लेकिन 6 माह से अधिक समय से सामान्य वर्ग की सविता चौहान सरपंच हैं, उन्हें 6 माह का प्रभार सौंपा गया था। अहिरवार ने कहा कि अब सविता चौहान के प्रभार का कार्यकाल पूरा हो चुका है। हमारी पंचायत सीईओ और प्रशासन से मांग है कि पंचों के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्ति को सरपंच नियुक्त किया जाए।
फर्जी बिल लगाकर निकाले 20 लाख रुपए
एक अन्य पंच सुमित पचौरी ने सरपंच सविता चौहान और सचिव राजपाल सोलंकी पर फर्जी बिल लगाकर 20 लाख रुपए निकालने का आरोप लगाया। पचौरी ने कहा कि कहीं भी कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहा है लेकिन इतनी बड़ी राशि ग्राम सभा की सहमति के बिना सरपंच सविता चौहान और सचिव राजपाल सोलंकी द्वारा निकाल ली गई है। हम प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने और ग्राम पंचायत में सरपंच के चुनाव की मांग करते हैं। इसे लेकर आज ग्राम पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button