खबर
तीन बहनों में इकलौता भाई था अंशू: शिवरात्रि के दिन हुआ था गायब, 12 दिन बाद मिली लाश; दादा ने कपड़ों से पहचाना
अंशू तीन बहनों में इकलौता भाई था और सबसे बड़ा था। अंशू गांव के प्राथमिक विद्यालय में आंगनबाड़ी केंद्र पर पढ़ रहा था। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन अंशू उस समय गायब हो गया, जब परिवार की महिलाएं जल चढ़ाने के लिए चली गईं। घर पर अंशु को खेलता हुआ छोड़ गईं। परिवार के बाबा और पिता घर पर थे।
यूपी के संभल स्थित धनारी पट्टी बालू शंकर में 12 दिन से लापता सात वर्षीय बालक अंशू का शव गांव से एक किलोमीटर दूर ग्राम प्रधान के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। शव क्षत-विक्षत हालत में होने पर मृतक के दादाजी ने कपड़ों से पहचान की। गले में काला अंगोछा कसा मिला है। जिससे प्रतीत होता है कि गला दबा कर हत्या कर शव खाद के प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर फेंका गया है। मौके पर कट्टे को घसीटने के निशान भी मिले हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। नमूने लेकर जांच को भेजे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ली है।



