खबर

गुमला में 24 घंटे के भीतर 5 मौतें: कहीं मारपीट में गया बुजुर्ग का दम, तो कहीं नदी और कुएं ने ली जान

गुमला जिले में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग जगहों पर हुए पांच हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी. कहीं, मारपीट, कहीं आत्महत्या तो कहीं नदी में डूबने और दुर्घटनाओं में लोगों की जान चली गयी. इन घटनाओं से पूरे जिले में सनसनी फैल गयी है.

मारपीट में घायल वृद्ध की मौत, आरोपी गिरफ्तार

जारी थाना क्षेत्र के डेवीडीह गांव में मारपीट की घटना में 85 वर्षीय सदरक बेक की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को गांव के तालाब के पास आरोपी इजिकील बाड़ा ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसे से पिटाई कर दी थी. इस घटना में वृद्ध की कमर और हाथ की हड्डी टूट गयी थी. इलाज के दौरान मंगलवार शाम उनकी मौत हो गयी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

युवक ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या

घाघरा थाना क्षेत्र के दोदांग गांव में सिकंदर उरांव नामक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों के अनुसार देर रात वह अपने कमरे में सोने गया था. कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाज आने पर परिजनों ने दरवाजा खुलवाया तो युवक छप्पर में लगे पाइप से फंदे के सहारे लटका मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

नदी में नहाने गये व्यक्ति की डूबने से मौत

सिसई प्रखंड के पुसो थाना क्षेत्र के अरको महुआटोली गांव निवासी रूसवा उरांव (55) की नदी में डूबने से मौत हो गयी. वह सुबह नहाने के लिए गांव के पास बहने वाली आकरी नदी गया था. बाद में ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

बाड़ी में पटवन करते समय कुएं में गिरा किसान

बसिया थाना क्षेत्र के कलिगा गांव निवासी अमित सुरीन (30) की कुएं में गिरने से मौत हो गयी. बताया गया कि वह घर के पास स्थित कुएं से बाड़ी में पानी पटवन कर रहा था, तभी अचानक कुएं में गिर गया. ग्रामीणों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

इमली तोड़ते समय पेड़ से गिरकर युवक की मौत

बसिया थाना क्षेत्र के डोलंगसेरा गांव में तिनतुस टेटे (38) इमली तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था. इसी दौरान डाल टूटने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button