जूनियर बालक व सीनियर पुरुष वर्ग में देवास, जूनियर बालिका में सीहोर एवं महिला वर्ग में शाजापुर बना विजेता
एलएनसीटी भोपाल में राज्य स्तरीय रग्बी 7s प्रतियोगिता संपन्न


भोपाल। मध्य प्रदेश रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एलएनसीटी भोपाल में आयोजित 7वीं राज्यस्तरीय सीनियर एवं जूनियर रग्बी 7s (बालक एवं बालिका) प्रतियोगिता 2026 का समापन आज शानदार मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जूनियर बालिका वर्ग में पहले सेमीफाइनल में रायसेन ने इंदौर को 30-0 से तथा दूसरे सेमीफाइनल में नर्मदापुरम ने सीहोर को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में सीहोर ने रायसेन को 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में नर्मदापुरम ने इंदौर को 25-0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में पहले सेमीफाइनल में बैतूल ने नर्मदापुरम को 5-0 से तथा दूसरे सेमीफाइनल में देवास ने रायसेन को 10-5 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में देवास ने बैतूल को 20-5 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में रायसेन ने नर्मदापुरम को 35-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
सीनियर महिला वर्ग में पहले सेमीफाइनल में नर्मदापुरम ने इंदौर को 5-0 से तथा दूसरे सेमीफाइनल में शाजापुर ने बैतूल को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में शाजापुर ने इंदौर को 5-0 से हराकर खिताब जीता। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में नर्मदापुरम ने बैतूल को 10-0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। सीनियर पुरुष वर्ग में पहले सेमीफाइनल में भोपाल ने नर्मदापुरम को 15-0 से तथा दूसरे सेमीफाइनल में देवास ने खरगोन को 10-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में देवास ने भोपाल को 25-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में खरगोन ने नर्मदापुरम को 10-5 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डॉ अनुपम चौकसे चेयरमैन मध्य प्रदेश रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन, अबरार अहमद शेख सचिव मध्य प्रदेश रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन, पंकज जैन कोषाध्यक्ष मध्य प्रदेश रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन, संदीप यादव टेक्निकल डायरेक्टर मध्य प्रदेश रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन, डॉ पी एस दारा ने विजेता उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में जूनियर बालिका वर्ग में बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार शाजापुर की मनीषा, जूनियर बालक वर्ग में सूजल (देवास), सीनियर महिला वर्ग में दीक्षा (इंदौर) तथा सीनियर पुरुष वर्ग में अंशुल (भोपाल) को प्रदान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए जिला सचिवों एवं प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


