गुवाहाटी में वैभव-यशस्वी का तूफान, राजस्थान रॉयल्स ने रचा इतिहास, बुमराह-बोल्ट की धज्जियां उड़ाकर बनाया नया रिकॉर्ड


गुवाहाटी: आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक रिकॉर्ड बना है। बारिश से बाधित मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैदान पर कोहराम मचा दिया। रात 10 बजे शुरू हुए इस 11-11 ओवर के मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का हार्दिक पांड्या का फैसला उन पर भारी पड़ गया। राजस्थान के सलामी जोड़ी यशस्वी जायसवाल और 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने छक्कों की ऐसी बारिश की कि आईपीएल के कई पुराने रिकॉर्ड्स धराशायी हो गए।
IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज टीम 50
राजस्थान रॉयल्स ने केवल 2.4 ओवर (16 गेंद) में अपने 50 रन पूरे कर लिए। यह आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज टीम अर्धशतक है। राजस्थान ने अपने ही 2023 के रिकॉर्ड (बनाम केकेआर) की बराबरी की। आईपीएल में सबसे तेज 50 रन का रिकॉर्ड आरसीबी के नाम है। उन्होंने 2.3 ओवर कोच्चि टस्कर्स केरल के खिलाफ साल 2011 में यह रिकॉर्ड बनाया था। राजस्थान ने आज 2.4 ओवर में यह कारनामा कर मुंबई के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।
15 साल के वैभव ने तोड़ा ऋषभ पंत का बड़ा रिकॉर्ड
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पहली ही बाउंड्री के साथ एक नया इतिहास रच दिया। वैभव अब आईपीएल इतिहास में बतौर टीनएजर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने केवल 10 पारियों में 35 छक्के जड़कर ऋषभ पंत और ईशान किशन को पीछे छोड़ दिया है। इन दोनों बल्लेबाजों के नाम 30-30 छक्के का रिकॉर्ड है।
बुमराह और बोल्ट के खिलाफ निडर बल्लेबाजी
मैच का सबसे रोमांचक पल तब आया जब वैभव ने दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। उन्होंने बुमराह के उसी ओवर में एक और मैक्सिमम लगाया। इसके बाद अगले ओवर में इस जोड़ी ने ट्रेंट बोल्ट को भी नहीं बख्शा और तीन छक्के जड़ दिए। पहले तीन ओवरों में 6 छक्के जड़ना आईपीएल इतिहास का एक नया कीर्तिमान है। यशस्वी जायसवाल ने भी केवल 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर मुंबई की मुश्किलों को और बढ़ा दिया।



