खेलमध्य प्रदेश

रॉयल निमाड़ ईगल्स महिला टीम के लिए भोपाल में क्रिकेट ट्रायल्स आयोजित, प्रदेशभर से 50 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग

भोपाल। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के अंतर्गत आईसेक्ट समूह की महिला क्रिकेट टीम ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के लिए चयन ट्रायल्स का आयोजन स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। ट्रायल्स के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण प्राप्त हुए, जिनमें मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई लगभग 50 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग एवं विकेटकीपिंग में अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गहन मूल्यांकन किया गया, जिसमें उनकी तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल की समझ एवं प्रतिस्पर्धी भावना जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को परखा गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी (कार्यकारी उपाध्यक्ष, AISECT India), डॉ. अदिति चतुर्वेदी वात्स (प्रो-चांसलर, RNTU), डॉ. सीतेश कुमार सिन्हा (कुलसचिव, SGSU), सुश्री शुभ्रा गोयल (ऑब्जर्वर, मध्य प्रदेश लीग), सुश्री भावना श्रीवास्तव (कोच, रॉयल निमाड़ ईगल्स), श्री संजय पांडे (हेड कोच, रॉयल निमाड़ ईगल्स) एवं श्री जी. सतीश कुमार (डायरेक्टर क्रिकेट, रॉयल निमाड़ ईगल्स) उपस्थित रहे।

अतिथियों ने महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे ट्रायल्स प्रदेश की बेटियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में पिछले वर्ष प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर के रूप में सहभागिता निभाने के बाद आईसेक्ट समूह ने इस वर्ष टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में नई पहल की है। ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ महिला टीम का उद्देश्य प्रदेशभर से उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान करना है।

आईसेक्ट समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि ये ट्रायल्स केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि महिला खिलाड़ियों के लिए दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और अनुशासन का विकास होता है तथा इस पहल के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button