विदिशा: क्रांतिकारी राष्ट्रीय संत पंडित विपिन बिहारी जी के सान्निध्य में 11 कुण्डात्मक महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का विदिशा में हुआ ध्वजारोहण



विदिशा। श्री राम महायज्ञ समिति विदिशा के तत्वाधान में विगत दो वर्षों की गौरवशाली परंपरा को जीवंत रखते हुए, इस वर्ष भी 11 कुण्डात्मक यज्ञ एवं संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञानकथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कथा 17 मई 2026 से 24 मई 2026 तक चलेगी। कार्यक्रम के तृतीय वर्ष के मंगल अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ‘बुंदेलखंड के गौरव’ क्रांतिकारी राष्ट्रीय संत पंडित श्री विपिन बिहारी जी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विदिशा के गौरव पंडित अंकित कृष्णा तेनगुरिया जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विधि-विधान से हुआ ध्वजारोहण
यज्ञ की पूर्णता और निर्बाध संचालन की कामना के साथ, उपस्थित संतों एवं अतिथि गणों ने यज्ञ एवं कथा स्थल हरिपुरा, सोठिया रोड, प्लाई फैक्ट्री के पास, खिरिया विदिशा में मंत्रोच्चार के बीच ध्वज का विधि-विधान से पूजन किया, जिसके पश्चात ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संत विपिन बिहारी जी, पंडित अंकित कृष्णा तेनगुरिया, ज्योतिष आचार्य पंडित संजय पुरोहित एवं कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार पंडित अमित कृष्ण जी महाराज का यजमान व विप्र जनों द्वारा विशाल पुष्पहार, रोरी-चावल का तिलक, श्रीफल एवं शाल भेंट कर भव्य अभिनंदन किया गया।
विप्र जनों एवं अतिथियों का सम्मान
समिति द्वारा कार्यक्रम में संचालन कर रहे पंडित पीलेश कृष्ण शास्त्री, ज्योतिषाचार्य पंडित संजय पुरोहित एवं उपस्थित सभी ब्राह्मणों का शाल, श्रीफल एवं दक्षिणा के साथ सादर वंदन और अभिनंदन किया गया। इस गौरवमयी आयोजन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे:
तीरथ दरबार पार्षद, सिद्धार्थ जैन एवं ज्योति जैन पार्षद,
लायन अरुण कुमार सोनी: पूर्व लायंस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी (अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा) युवा ब्राह्मण परिषद अध्यक्ष वागीश मिश्रा,लायन सुशीला ठाकुर,सौरभ राजपूत एवं अन्य विप्र बंधु।
साधुवाद और सहयोग की घोषणा
अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय संत विपिन बिहारी जी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सफल बनाने हेतु 11,000 रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। जिसे समिति ने सविनय निवेदन के साथ ग्रहण ना करते हुए केवल उनका “अमूल्य आशीर्वाद” ग्रहण किया। उपस्थित अतिथि गणों ने भी धर्म के इस महती कार्य की प्रशंसा की और पंडित अमित कृष्ण जी महाराज को हर संभव सहयोग प्रदान करने का वचन दिया।
कृतज्ञता और समापन
कार्यक्रम के अंत में पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने उपस्थित सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया। आयोजन का समापन मंगल आरती और प्रसादी वितरण के साथ उत्साहपूर्वक हुआ।

