यशस्वी और डोनोवान फरेरा के तूफान ने रोका पंजाब का विजयी रथ, राजस्थान ने 6 विकेट से जीता मैच


नई दिल्ली। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के तूफान के बाद डोनोवान फरेरा और इम्पैक्ट प्लेयर शुभम दुबे की आतिशी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को उसके ही घर में छह विकेट से हरा दिया। इसी के साथ पंजाब का अजेय क्रम भी थम गया है। उसे इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान को जीत के लिए 223 रन बनाने थे जो उसने 19.2 ओवरों में बना लिए। राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली। यशस्वी ने 27 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के के दम पर 51 रन बनाए। डोनोवान फरेरा ने 26 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 52 रनों की पारी खेल टीम को जीत दिलाई जिसमें 12 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 31 रन बनाने वाले शुभम दुबे का भी अहम रोल रहा। इससे पहले, प्रभसिमरन सिंह के शानदार अर्धशतक के बाद आखिरी के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस की तूफानी पारी के दम पर पंजाब 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 222 रन बनाए। ये स्कोर ज्यादा हो सकता था लेकिन 13वें ओवर से राजस्थान ने पंजाब की रनगित को कंट्रोल किया जिसका असर देखने को मिला। आखिरी के तीन ओवरों में स्टोइनिस ने तेजी से रन बनाते हुए पंजाब का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। पंजाब के लिए प्रभसिमरन ने 44 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। स्टोइनिस ने 20 गेंदों पर अर्धशतक जमाया। उन्होंने आखिरी ओवर में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। उन्होंने 22 गेंदों पर नाबाद 62 रनों की पारी खेली,आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर फरेरा ने छक्का मार अपना अर्धशतक पूरा किया और राजस्थान को छह विकेट से जीत दिला दी। इसी के साथ पंजाब का विजयी रथ रुक गया। ये उसकी इस सीजन की पहली हार है।



