गिड़गिड़ाकर कहता रहा- ‘पैर पड़ रहा हूं, मत मारो’, भीड़ कहती रही- ‘सिर छोड़, बाकी सब तोड़ दो’


सिंगरौली एनसीएल के निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) के पास एक आदिवासी युवक के साथ उसकी पत्नी के सामने ही बर्बरता की हद पार करते हुए बेरहमी की मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। नवानगर पुलिस ने वीडियो संज्ञान में लेकर पीडि़त की पहचान की और अमानवीयता करने वाले सिक्योरिटी इंचार्ज के खिलाफ सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना करीब एक माह पहले की बताई जा रही है। पीडि़त अन्नेलाल बैगा अपनी पत्नी के साथ जंगल में लडक़ी बीनने गए थे। इस दौरान वे निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट के पास पहुंच गए। जहां सिक्योरिटी इंचार्ज एमडी सिंह सहित अन्य ने दंपती को पकडकऱ पूछताछ शुरू कर दी। पीडि़त ने खाना बनाने के लिए जलाऊं लकड़ी बीनने आने की जानकारी दी तो सक्योरिटी इंचार्ज ने तुम चोरी करने आते हो कहते हुए हॉकी स्टिक से मारपीट शुरू कर दी। घटना का 10 मिनट का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
रंगदारी दिखता है…
वीडियो में सिक्योरिटी इंचार्ज एमडी सिंह गाली-गलौज करते हुए आदिवासी अन्नेलाल को हॉकी से पीट रहा है। इस दौरान युवक जमीन पर गिर जाता है। पीडि़त बार-बार मिन्नतें कर रहा है कि पैर पड़ रहे हैं, मत मारो , मगर सिक्योरिटी इंचार्ज का दिल नहीं पसीझता और उसे बेरहमी से पीट रहा है और बोल रहा है कि रंगदारी दिखाता है। घटना के दौरान मौके पर कई लोग मौजूद हैं। इसमें से दर्जनभर लोग आरोपी को उकसाते नजर आ रहे हैं कि सिर छोडकऱ बाकी हाथ-पैर सब तोड़ दो। सिक्योरिटी इंचार्ज जानवरों की तरह आदिवासी युवक को करीब 10 मिनट तक हॉकी से मारपीट करता रहा। इस अमानवीय घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।पीडि़त के परिजन ने बताया कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। घर की सिर्फ महिला को लाडली बहना का लाभ मिल रहा है। पीने के पानी की सुविधा नहीं है। उज्जवला गैस का कनेक्शन नहीं होने से जंगल से लकड़ी लाकर खाना पकाया जाता है।



