एजुकेशनखबरमध्य प्रदेश

योग प्रशिक्षकों को सम्मानजनक एवं स्थायी कार्य व्यवस्था मिलना समय की आवश्यकता – योग गुरु गायत्री जायसवाल

भोपाल, 15 जून 2026। आज माननीय योग आयोग के अध्यक्ष महोदय राघवेन्द्र शर्मा से योग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा की गई। इस अवसर पर योग चिकित्सा परिषद की अध्यक्ष गायत्री जायसवाल के नेतृत्व में योग प्रशिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने योग रोजगार एवं योग प्रशिक्षकों के हितों से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

बैठक में विशेष रूप से आयुष विभाग में कार्यरत योग प्रशिक्षकों एवं सहायकों को आउटसोर्स व्यवस्था से हटाकर अधिक स्थायी एवं सम्मानजनक कार्य व्यवस्था प्रदान किए जाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्षों से सेवाएं दे रहे योग प्रशिक्षकों की विशेषज्ञता एवं अनुभव का लाभ समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था को निरंतर मिल रहा है, इसलिए उनके रोजगार संबंधी विषयों पर सकारात्मक निर्णय अपेक्षित है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में कार्यरत योग प्रशिक्षकों ने भी अपने अनुभव एवं समस्याओं से माननीय अध्यक्ष महोदय को अवगत कराया। इस दौरान योग प्रशिक्षकों ने योग सेवाओं के विस्तार, रोजगार सुरक्षा तथा योग के माध्यम से जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में योग प्रशिक्षक गायत्री जायसवाल, गिरिराज सिंह, अमित दुबे, रघुनंदन यादव, रितेश कुमार, श्वेतासिंह , दीपिका श्रीवास्तव, चित्रा राजपूत सहित अन्य योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में योग प्रशिक्षकों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने तथा उनकी सेवाओं को उचित मान्यता प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
माननीय अध्यक्ष श्री राघवेन्द्र शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखे गए सुझावों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button