सूर्य अच्छा होने पर मिलती है सरकारी नौकरी- डॉ. विनीत तिवारी
वैदिक ज्योतिष से लगाया जा सकता है भूकंप का अनुमान

भोपाल। व्यक्ति के कार्य, व्यापार, नौकरी, शिक्षा और राजनीतिक भविष्य आदि के बारे में जानकारी और आकलन ज्योतिष के माध्यम से किया जा सकता है। यह बात राजधानी भोपाल में कालिदास राष्ट्रीय महर्षि ज्योतिष सम्मेलन में विश्व ज्योतिष कांग्रेस के अध्यक्ष के डॉ. विनीत तिवारी ने कही। डॉ. तिवारी ने कहा कि वैदिक ज्योतिष हमारे जीवन में कई तरह से प्रभाव डालता है। वैदिक ज्योतिष से ही युद्ध और आपदाओं के बारे में गणना करके नुकसान का आकलन भी किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि जैसे कि यूक्रेन- रूस और अमेरिका तथा ईरान के बीच युद्ध चल रहा है । अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को लेकर हमारे ज्योतिष केंद्र ने भविष्यवाणी की थी कि अंगारक योग के खत्म होते ही युद्ध समाप्त हो जाएगा और युद्ध लगभग समाप्त हो गया है। इसी तरह डॉ. विनीत तिवारी ने कहा कि व्यक्ति के कैरियर, नौकरी, व्यापार, शिक्षा और राजनीति में सफलता की गणना भी वैदिक ज्योतिष के माध्यम से की जा सकती है। यदि किसी जातक का सूर्य अच्छा है तो उसे शासकीय नौकरी मिलने के योग हैं ,वही मंगल अच्छा होने पर व्यक्ति सेना और पुलिस की नौकरी में जा सकता है। उन्होंने कहा कि वैदिक ज्योतिष से भूकंप का अनुमान लगाया जा सकता है लेकिन इसके लिए शोध की बड़ी आवश्यकता होती है। इसके अलावा काशी से आए ज्योतिषाचार्य रंजन ने कहा कि ज्योतिष का बीमारियों से भी बड़ा संबंध होता है। आयुर्वेदिक शिक्षण संस्थानों में ज्योतिष पढ़ाया जाना चाहिए क्योंकि ग्रहों का बीमारियों पर असर होता है इससे आयुर्वेद के माध्यम से उपचार आसान हो जाता है।




