रीवा में धूमधाम से संपन्न हुआ भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने की पूजा-अर्चना लक्ष्मण बाग संस्थान से निकली भव्य रथयात्रा भगवान के दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

भोपाल 16 जुलाई 2026। ऐतिहासिक लक्ष्मण बाग संस्थान में भगवान श्रीजगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा का आयोजन आज अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भगवान के शयन कक्ष से बाहर आने के साथ हुई। परंपरा के अनुसार भगवान का महाअभिषेक, विशेष पूजन-अर्चन और अलौकिक श्रृंगार किया गया। पूजन-अर्चन के उपरांत भगवान जगन्नाथ का रथ लक्ष्मण बाग संस्थान से प्रस्थान कर नगर भ्रमण पर निकला। रथयात्रा किला, उपरहटी, स्टैच्यू चौराहा, जयस्तंभ और मार्तंड-1 मार्ग से होते हुए मानस भवन पहुंची। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह मंच बनाकर, पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर भगवान का भव्य स्वागत किया।
रथ यात्रा की महाआरती के लिए व्यापारी महासंघ द्वारा स्टेच्यू चौराहा में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की और सभी श्रद्धालुओं को रथयात्रा की बधाई व शुभकामनाएं दीं। रथयात्रा महोत्सव में संत शिरोमणि स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज ने भी अपना भक्तों को अपना आशीर्वचन दिया।
रथ यात्रा के मानस भवन पहुंचने के बाद भगवान को विश्राम कराया गया, जहां श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद और भंडारे का वितरण किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता सहित रीवा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा मार्ग जय जगन्नाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। रथयात्रा को लेकर पूरे शहर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।


