खबर

असम में बाढ़ से 50 लोगों की मौत: 40 लोग अब भी लापता, ऊपरी असम में हालात गंभीर, हजारों घरों में बिजली गुल

असम में विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन कई इलाकों तक राहत और बचाव दल अब भी नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कई लोगों के लापता होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

 40 लोग अब भी लापता
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिवसागर जिले के नजीरा अनुमंडल में करीब 40 लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है। प्रशासन की टीमें प्रभावित और दुर्गम इलाकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
60 हजार से अधिक घरों की बिजली गुल
सरमा ने कहा कि बाढ़ से बिजली का ढांचा क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रभावित जिलों में 60 हजार से अधिक घर अब भी बिजली से वंचित हैं। सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिलों की करीब 20 फीसदी आबादी अब भी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। गंभीर स्थिति के कारण कई जलमग्न गांवों तक प्रशासनिक टीमें अभी नहीं पहुंच सकी हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और अन्य एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयी टीम शनिवार को असम पहुंचेगी। टीम बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ राहत और पुनर्वास की जरूरतों की भी समीक्षा करेगी।भारी बारिश और ऊपरी क्षेत्रों से पानी के तेज बहाव के कारण आई बाढ़ ने ऊपरी असम के बड़े हिस्से को प्रभावित किया है। लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई इलाकों में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। कृषि भूमि भी जलमग्न हो गई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button