खबरमध्य प्रदेशहेल्थ

उप मुख्यमंत्री शुक्ल निजी मीडिया समूह के मेडेक्स-अचीवर्स कार्यक्रम में हुए शामिल

उत्कृष्ट चिकित्सकों को किया सम्मानित भोपाल, 25 जुलाई 2026

उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने चिकित्सकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टरों के हाथ में जादू है। जब मरीज पीड़ा में होता है तो वह डॉक्टर की ओर ही देखता है। जीवनदान मिलते ही वह कृतज्ञता से भर जाता है। इसीलिए डॉक्टर को धरती का भगवान कहा जाता है। उन्होंने कहा कि जिन चिकित्सकों का आज सम्मान हुआ है, उन्होंने सेवा और समर्पण की मिसाल कायम की है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल शुक्रवार को भोपाल में पत्रिका समूह के मेडेक्स-2026 चिकित्सक सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने 35 चिकित्सकों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने चिकित्सकों को सर्टिफिकेट एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक डॉ. माधवानंद कर उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मीडिया समूह के जनसरोकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार देने वाला प्रयास है। कर्म और सेवा को प्रतिष्ठा देना सदियों से हमारी परंपरा रही है और पत्रिका यही कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सम्मान के लिए नामों का चयन पारदर्शिता और पवित्रता के नए मापदंड स्थापित करता है। यह सम्मान चिकित्सकों को और अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देगा तथा जनसेवा के प्रति विश्वास को मजबूत करेगा।

समारोह में विभिन्न श्रेणियों के 35 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किए गए। बीएमएचआरसी की डायरेक्टर मनीषा यादव, सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टी.एन. दुबे सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button