खबरमध्य प्रदेश

वन विहार में विद्यार्थियों ने जाना बाघों के संरक्षण का महत्व

अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के उपलक्ष्य में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित बाघ सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ‘सामान्य परिचय : बाघ व उनका अस्तित्व’ विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘मध्यप्रदेश में बाघ’ थीम पर 22 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक आयोजित किये जा रहे बाघ सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को बाघों के संरक्षण तथा उनके महत्व के प्रति जागरूक करना है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय के 7 तथा गुरुनानक पब्लिक स्कूल, बीएचईएल, भोपाल के 37 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वन विहार का भ्रमण कराया गया और बाघों के जीवन, व्यवहार, प्राकृतिक आवास और संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद करते हुए रोचक एवं उपयोगी जानकारी दी गई। वन विहार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

26 जुलाई को होगी रन फॉर टाइगर

बाघ सप्ताह के तहत 26 जुलाई रविवार को प्रातः 7 बजे ‘रन फॉर टाइगर’ का आयोजन किया जाएगा। दौड़ का शुभारंभ वन भवन, तुलसी नगर से होगा और निर्धारित मार्ग से होते हुए शिवाजी महाराज चौराहा होकर वन भवन पर समापन होगा। इसमें लगभग 900 पंजीकृत प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

रविवार को ही प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक वन विहार की विहार वीथिका में भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों के लिए ‘मध्यप्रदेश में बाघ’ विषय पर ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं अपराह्न 4 बजे स्नेक पार्क में पर्यटकों के लिए बाघ संरक्षण विषयक ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

वन विहार प्रबंधन ने नागरिकों से बाघ सप्ताह के आयोजनों में सहभागी बनकर वन्यजीव संरक्षण और बाघों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button