खबरदेशविदेश

कनाडा में पंजाबी छात्रा की हत्या; लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार, पहले कर्ज लेकर भेजा अब शव लाने को परिवार जुटा रहा फंड

कनाडा के एडमंटन शहर में पंजाब की रहने वाली 23 वर्षीय भारतीय छात्रा दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने उनके भारतीय मूल के लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर सेकेंड डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और बेटी का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए आर्थिक सहायता जुटा रहा है।   पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर  पांच वर्ष पहले स्टूडेंट वीजा पर उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थीं और वहीं रहकर पढ़ाई के साथ काम भी कर रही थीं। एडमंटन पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को उन्हें एक घर में गंभीर हालत में पाया गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
शुरुआत में मामले की जांच संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के रूप में की जा रही थी। हालांकि, 14 जुलाई को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि दमनप्रीत की मौत गला घोंटने (Strangulation) के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या में बदलकर जांच तेज कर दी।जांच के बाद एडमंटन पुलिस ने 22 वर्षीय भारतीय मूल के रितिश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उस पर सेकेंड डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है।  अधिकारियों के अनुसार, रितिश कुमार दमनप्रीत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। शुरुआती जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही और मामले की जांच जारी है।
दमनप्रीत के परिवार ने बताया कि उनकी पढ़ाई के लिए माता-पिता ने कर्ज लेकर उन्हें कनाडा भेजा था, ताकि वह बेहतर भविष्य बना सकें। लेकिन अब बेटी की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का कहना है कि वे दमनप्रीत का अंतिम संस्कार भारत में करना चाहते हैं। इसके लिए उनका पार्थिव शरीर स्वदेश लाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इसमें आने वाले भारी खर्च को देखते हुए ऑनलाइन फंड जुटाया जा रहा है।एडमंटन पुलिस का कहना है कि यह घरेलू संबंधों से जुड़ा हत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है और अदालत में आरोपों को साबित करने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button