ओपी सोनी बने स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष
भोपाल में मध्य प्रदेश स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव संपन्न

भोपाल। राजधानी के जहांगीराबाद स्थित जैन मंदिर में स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव संपन्न हुए। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए समाजजनों ने मतदान में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ओपी सोनी भारी बहुमत से स्वर्णकार समाज के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किए गए। ओपी सोनी को समाज के लोगों ने जिम्मेदारी के साथ ही शुभकामनाएं और बधाइयां दीं वहीं ओपी सोनी ने समाज के लोगों का आभार जताया। उन्होंने अरुण कुमार सोनी सहित तीन कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति करते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी। ओपी सोनी ने आगे कहा कि भोपाल में जल्द ही बड़ा अधिवेशन होगा, जिसमें 55 जिले के स्वर्णकार समाज के लोग शामिल होंगे। स्वर्णकार समाज के नवनियुक्त अध्यक्ष ओपी सोनी ने प्रदेश सरकार से समाज के लोगों के लिए राजनीति में भागीदारी की मांग की। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में 63 निगम मंडलों में नियुक्तियां हुईं लेकिन स्वर्णकार समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिला। स्वर्णकार समाज की प्रदेश में 35 लाख और भोपाल में 10 हजार आबादी है। ओपी सोनी ने कहा कि हम समाज को राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए हम मोर्चा खोलेंगे। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज समिति द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 5 000 रुपए की एफडी प्रदान की जाती है इसके अलावा परिचय सम्मेलन और सामूहिक विवाह भी आयोजित किए जाते हैं। कार्यवाहक अध्यक्ष अरुण कुमार सोनी ने कहा कि हम शासन द्वारा संचालित योजनाओं को समाज के लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। वहीं दूसरे नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष अजय सोनी भैरुंगा ने अपनी नियुक्ति पर आभार जताया और समाज के हित में कार्य करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। एक अन्य कार्यवाहक अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसका निर्वहन करने के लिए पूरा प्रयास करूंगा। वरिष्ठ समाजसेवी आर एस सोनी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ओपी सोनी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं । इसके अलावा सीहोर जिले से अध्यक्ष ने भी बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि शासन की योजनाओं का समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और हमारा समाज हर क्षेत्र में प्रगति की ओर अग्रसर होगा।




