भोपाल में हुए चुनाव में ओ.पी. सोनी भारी मतों से म.प्र. स्वर्णकार समाज कल्याण समिति के प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित;

भोपाल (विशेष प्रतिनिधि)। मध्य प्रदेश स्वर्णकार समाज कल्याण समिति के त्रिवार्षिक चुनाव राजधानी भोपाल में भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए। प्रदेशभर के सभी जिलों से बड़ी संख्या में पधारे स्वर्णकार बंधुओं, युवाओं और मातृशक्ति की उपस्थिति में हुए मतदान के उपरांत ओ.पी. सोनी को भारी मतों से प्रांतीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के कुलदेवता महाराजा अजमीढ़ जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंच पर आसीन पदाधिकारियों का दुपट्टा पहनाकर भाव विभोर स्वागत किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रदेश के 15 घटकों से आए प्रतिनिधियों ने समाज हित में अपने विचार रखे। इस अवसर पर ओ.पी. सोनी, लायन अरुण कुमार सोनी (विदिशा), अखिलेश सोनी, राजकुमार सोनी, सुरेश सोनी, रामस्वरूप सोनी, अजय सोनी (भैरूंदा) एवं माखन लाल सोनी सहित वरिष्ठ जनों ने प्रमुखता से अपनी बात रखी।
निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा
चुनाव में युवाओं, मातृशक्ति और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया। मतगणना के उपरांत निर्वाचन अधिकारी पी.एन. स्वर्णकार, विनोद सोनी एवं तरुण सोनी ने ओ.पी. सोनी के भारी मतों से विजयी होने की आधिकारिक घोषणा की।
लायन अरुण कुमार सोनी बने प्रादेशिक कार्यकारी अध्यक्ष
अध्यक्ष पद की कमान संभालते ही नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष ओ.पी. सोनी ने प्रादेशिक कार्यकारी अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। इसमें उन्होंने सर्वप्रथम लायन अरुण कुमार सोनी (विदिशा), राजकुमार सोनी(बासौदा) एवं अजय सोनी (भैरूंदा) के नामों की घोषणा की, जिसका पूरे सभागार ने करतल ध्वनि से स्वागत और अनुमोदन किया।
शिक्षा के लिए समर्पित रहेगी नई कार्यकारिणी
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में ओ.पी. सोनी ने अगले तीन वर्षों की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की शिक्षा का पूरा खर्च समाज उठाएगा, ताकि पैसों के अभाव में किसी भी मेधावी बच्चे की पढ़ाई न छूटे।
भव्य स्वागत और सम्मान
विजयी पदाधिकारियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर गगनभेदी जयघोषों के बीच नागरिक अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत प्रांतीय पदाधिकारियों की नई टीम ने सभागार में उपस्थित प्रत्येक सामाजिक बंधु का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान व्यक्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद सोनी (आकाशवाणी), नंदू सोनी (सीहोर) एवं एस.एन. सोनी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। चुनाव के दौरान सामाजिक बंधुओं ने हास्य-व्यंग्य की कविताओं की सुंदर प्रस्तुतियां दीं, जिसका उपस्थित जनसमूह ने जमकर आनंद लिया।
अंत में आभार प्रदर्शन जितेंद्र सोनी एवं मनीष सोनी द्वारा किया गया। तत्पश्चात सभी बंधुओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का रसास्वादन किया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।



