गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन 29 जुलाई को एच.ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी (भेल) में
भोपाल, 29 जुलाई 2026।गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर एच.ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी (भेल), भोपाल द्वारा बुधवार, 29 जुलाई 2026 को भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन फाउंड्री गेट के सामने, 68/सी-2/ए-सेक्टर, पिपलानी, बीएचईएल, भोपाल स्थित आश्रम परिसर में किया जाएगा। मंडल बिहार स्कूल ऑफ योग, मुंगेर से संबद्ध है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधक, श्रद्धालु एवं योग प्रेमी सपरिवार सहभागिता करेंगे।
संस्था महासचिव सतेन्द्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे गुरु पादुका पूजन, आरती एवं प्रसाद से होगा। इसके उपरांत उपस्थित साधकों को आसन, प्राणायाम, ध्यान एवं साधना का अभ्यास कराया जाएगा। प्रातः 9:30 बजे गुरु गीता पाठ एवं स्वल्पाहार प्रसाद, प्रातः 10:30 बजे गुरु आराधना, अपराह्न 1:00 बजे ब्रह्म खिचड़ी प्रसाद तथा सायं 5:00 बजे पूर्णिमा हवन एवं समापन का आयोजन होगा। आश्रम श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु प्रातः 6:30 बजे से सायं 7:00 बजे तक खुला रहेगा।
एच.ई. योग मित्र मंडल ने सभी साधकों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर गुरु परंपरा का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा योग, साधना एवं आध्यात्मिक जीवन के इस पावन उत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया है।

