भोपाल। भारतीय संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त करने का महान अवसर

गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हैं तथा जीवन को सही दिशा देकर उसे श्रेष्ठ एवं सार्थक बनाते हैं। गुरु पूर्णिमा आत्मचिंतन, संस्कार, अनुशासन और आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देने वाला पावन पर्व है।
इसी अवसर पर 29 जुलाई 2026, बुधवार को प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक स्वर्ण जयंती पार्क, भोज विश्वविद्यालय के सामने, पानी के कुंड के समीप स्थित निःशुल्क आदर्श योग केंद्र पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा।
आयोजक योग गुरु महेश अग्रवाल ने बताया कि यह योग केंद्र पिछले 16 वर्षों से निरंतर संचालित हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ ॐ के सामूहिक उच्चारण से होगा। इसके बाद गुरु वंदना, गुरु पूजन, योग एवं ध्यान साधना तथा विश्व शांति, मानव कल्याण, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं निरोगी जीवन के लिए सामूहिक प्रार्थना की जाएगी।
कार्यक्रम में समय पर एवं भरपूर वर्षा, पर्यावरण संतुलन तथा प्रकृति संरक्षण के लिए भी प्रार्थना की जाएगी। साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उत्कृष्ट शिक्षा, श्रेष्ठ संस्कार, सद्बुद्धि एवं सफल जीवन हेतु विशेष सामूहिक मंगलकामना की जाएगी।
इस अवसर पर सभी आदरणीय गुरुजन, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, रहवासी कल्याण समितियों के प्रतिनिधि, प्रकृति प्रेमी, योग साधक भाई-बहन, बच्चे एवं उनके परिवारजन सादर आमंत्रित हैं।
आयोजकों ने नागरिकों से समय पर उपस्थित होने का आग्रह करते हुए कहा है कि “आइए, गुरु के श्रीचरणों में श्रद्धा के पुष्प अर्पित करें और योग, सेवा, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति की पावन परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लें।”
— योग गुरु महेश अग्रवाल एवं आदर्श योग आध्यात्मिक केंद्र परिवार



