सावन में गूंजेगा हर-हर महादेव का जयघोष, शिव सेवा भक्त मंडल निकालेगा विशाल कांवड़ यात्रा
भोपाल । सावन माह के पावन अवसर पर ॐ शिव सेवा भक्त मंडल द्वारा विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था 31 जुलाई 2026, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे भोपाल से नर्मदापुरम (होशंगाबाद) के लिए प्रस्थान करेगा। श्रद्धालु नर्मदा तट से पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लौटेंगे।
इसके बाद 3 अगस्त 2026, सोमवार को प्राचीन श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर, पात्रा पुल से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए परम पूजनीय बाबा बटेश्वर महादेव तक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा नर्मदा जल से महाजलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद कार्यक्रम बड़े वाले महादेव मंदिर, कायस्थपुरा, भोपाल में संपन्न होगा।
आयोजन के दौरान महाआरती एवं ‘ॐ नमः शिवाय’ की धुन से वातावरण भक्तिमय रहेगा। शिव सेवा भक्त मंडल ने शहर के सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा एवं शोभायात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।।

