खबर

हरिद्वार में बारिश से आफत: सूखी नदी में अचानक आया सैलाब; बह गईं तीन कारें

सूखी नदी में अचानक आए तेज बहाव के कारण बृहस्पतिवार को तीन कारें बह गईं। घटना उस समय हुई जब करीब आधे से एक घंटे की बारिश के बाद पहाड़ों से आया पानी नदी में तेज गति से पहुंच गया। वाहन चालकों ने बिना खतरे का आकलन किए अपनी कारें नदी के बहाव क्षेत्र में खड़ी कर दी थीं। हालांकि, हादसे के समय किसी वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत नदी के रपटे पर बनाए जा रहे पुल के निर्माण स्थल के पास कारें बहकर पहुंच गईं और निर्माण सामग्री व मशीनों के बीच फंस गईं। मौके पर मौजूद श्रमिकों ने पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की मदद से कारों को बाहर निकाला। तकनीशियनों ने समय रहते मशीनें लगाकर वाहनों को रोका और चेन की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे हुई। वाहन चालक उस समय हरकी पैड़ी और मेला क्षेत्र में गए हुए थे।

लौटने पर उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को गैराज और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इनमें एक कार का नंबर देहरादून का था, जबकि दो वाहन अन्य राज्यों के थे। वाहन नंबरों के आधार पर मालिकों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी गई। घटना के दौरान कुछ अन्य बड़े वाहन भी नदी क्षेत्र में खड़े थे, जिन्हें चालकों ने समय रहते बाहर निकाल लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button