खबर

पेपर लीक बवाल के बीच ओडिशा में पेपर लीक, व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र हो रहा वायरल, जांच शुरू

देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर आक्रोश के बीच ओडिशा की मेडिकल पीजी प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर कथित तौर पर साझा किए जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 27 जुलाई को 2023-26 बैच के पीजी छात्रों की एक विषय की थ्योरी परीक्षा के दौरान ऑल ओडिशा मेडिकल पीजी परीक्षा के प्रश्नपत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि 2023-26 बैच के एमएस/एमडी पाठ्यक्रम के जनरल सर्जरी विषय के दूसरे प्रश्नपत्र की तस्वीरें कुछ स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों द्वारा बनाए गए व्हाट्सऐप समूहों में कथित तौर पर साझा की गईं।

यह भी आरोप है कि परीक्षा के दौरान कुछ मोबाइल नंबर से प्रश्नों के उत्तर भी प्रसारित किए गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला उस वक्त सामने आया जब भुवनेश्वर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के पास प्रश्नपत्र की तस्वीरें मिलीं। छात्र ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी और बताया कि उसे ये तस्वीरें ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक छात्र द्वारा बनाए गए व्हाट्सऐप समूह से मिली थीं।

एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन-सह-प्राचार्य हरेकृष्ण दलई ने बताया कि 27 जुलाई की शाम घटना की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (ओयूएचएस) के कुलपति मानस रंजन साहू ने उन सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ डिजिटल बैठक की, जहां पीजी मेडिकल परीक्षाएं आयोजित की जा रही थीं। उन्होंने आगामी परीक्षाओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए। दलई ने कहा, ”इसे प्रश्नपत्र लीक नहीं कहा जा सकता। यदि प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले बाहर आकर छात्रों तक पहुंच जाता, तब इसे पेपर लीक माना जाता। लेकिन इस मामले में प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष के भीतर से बाहर आया है।”

उन्होंने कहा, ”परीक्षा कक्ष में नियमित जांच और मोबाइल फोन पर प्रतिबंध के बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से हम हैरान हैं। हमें हैरानी है कि प्रश्नपत्र की तस्वीरें साझा करने के लिए किस प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल किया गया।” उन्होंने बताया कि यह पता लगाने के लिए आंतरिक जांच जारी है कि तस्वीरें किस उपकरण से ली गईं और वह उपकरण परीक्षा कक्ष तक कैसे पहुंचा। वर्ष 2023-26 बैच की मेडिकल पीजी परीक्षाओं के थ्योरी पेपर 21 जुलाई से शुरू हुए हैं। इस परीक्षा के दो और पेपर एक और पांच अगस्त को होने हैं। एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कुल 154 छात्र इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button