अध्यात्ममध्य प्रदेश

प्रज्ञापीठ स्वर्णकार कॉलोनी विदिशा में धूमधाम से मना गुरु पूर्णिमा पर्व; यज्ञ, संस्कार और दीपयज्ञ का हुआ भव्य आयोजन

विदिशा। प्रज्ञापीठ, स्वर्णकार कॉलोनी में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
​कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और गायत्री परिवार के संस्थापक एवं संरक्षक, युगऋषि वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के पूजन-अर्चन व माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात संगीत मय गायत्री महायज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें वेद मंत्रों के ओजस्वी उच्चारण के साथ देव शक्तियों का आवाहन कर यज्ञ वेदी में आहुतियां समर्पित की गईं।
​इस अवसर पर विशेष रूप से आमंत्रित पूर्व लायंस अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी ने भी साधकों के साथ यज्ञ वेदी पर बैठकर गुरु आराधना की एवं नव दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान नव दंपत्तियों को गुरु दीक्षा दी गई तथा बच्चों का विद्यारंभ संस्कार भी संपन्न कराया गया।
​यज्ञ एवं संस्कारों का कुशल संचालन प्रज्ञापीठ के मुख्य न्यासी मुकेश श्रीवास्तव एवं सुमन श्रीवास्तव द्वारा संगीत एवं सुमधुर गायन के साथ कराया गया। दोपहर में प्रसादी वितरण के उपरांत, संध्याकालीन सत्र में सामूहिक गायत्री मंत्र जप का आयोजन हुआ। शाम 6:00 बजे भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें युग गायक प्रकाश सोनकर जी ने गुरु वंदना एवं प्रज्ञा गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
​कार्यक्रम में गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता अशोक शुक्ला, लायन अरुण कुमार सोनी, बाबूलाल कुशवाहा, हरिओम विश्वकर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा, दिनेश श्रीवास्तव, व्यवस्थापक श्रद्धा नेमा, कोषाध्यक्ष अंबिका कुमार, ट्रस्टी शोभा पवार, सुषमा विश्वकर्मा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ इस पावन महोत्सव का समापन हुआ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button