बाबा बटेश्वर बड़ेवाले महादेव मंदिर से धूमधाम से रवाना हुई कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर

भोपाल। बाबा बटेश्वर बड़ेवाले महादेव मंदिर से आज नर्मदापुरम के लिए भव्य कांवड़ यात्रा धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में रवाना हुई। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले बाबा बटेश्वर बड़ेवाले महादेव मंदिर में विधि-विधान पूजा करके महाआरती की गई।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।महाआरती के बाद ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रा ने नर्मदापुरम के लिए प्रस्थान किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी तथा वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।
कांवड़ यात्रा के मार्ग में जगह-जगह सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भगवान शिव का स्मरण करते हुए आगे बढ़ते रहे।
नर्मदापुरम पहुंचने के बाद श्रद्धालु मां नर्मदा का पावन जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और यात्रा के दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।

