विशिष्ट अतिथि लायन अरुण कुमार सोनी और कौशल्या बहन ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

स्थानीय ब्रह्माकुमारी केंद्र पर गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
लाइट्स और मोमबत्तियों की रोशनी से जगमगाया आश्रम
कार्यक्रम का शुभ शुभारंभ मुख्य अतिथि लायन अरुण कुमार सोनी एवं केंद्र संचालिका कौशल्या बहन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां और मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर परिसर को एक अद्भुत आध्यात्मिक रोशनी से सरोबार कर दिया। अतिथियों का स्वागत दुपट्टा पहनाकर और पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।
गुरु का जीवन में विशेष महत्व: मुख्य अतिथि
मुख्य अतिथि लायन अरुण कुमार सोनी ने अपने संबोधन में बताया कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विभिन्न केंद्रों पर गुरु पूर्णिमा का पर्व किस प्रकार आत्म-जागृति के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने मानव जीवन में सच्चे गुरु के मार्गदर्शन और इस पावन पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राजयोग और ध्यान साधना से मिली शांति
केंद्र संचालिका दीदी कौशल्या बहन ने ज्ञान, योग और ध्यान की सूक्ष्म गहराइयों को समझाते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार का राजयोग अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि सच्चा गुरु वही है जो आत्मा को परमात्मा से जोड़ दे।
भजन-कीर्तन और ब्रह्मभोज के साथ समापन
दिनभर चले इस कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, ध्यान और पूजन का सुंदर प्रवाह बना रहा। श्रद्धालुओं ने ब्रह्मा बाबा एवं आदरणीय दीदी जी का अपने-अपने भाव से नमन, वंदन और अभिनंदन कर दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने बाबा का पवित्र ‘ब्रह्म भोज’ (प्रसाद) ग्रहण किया।
विशेष आभार:
कार्यक्रम का कुशल एवं सफल मंच संचालन बी के डॉ. जीवनलाल मालवीय भाईजी द्वारा किया गया। उन्होंने अंत में कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सेवाधारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।




