एमपी ट्रांसको ने पुनः प्रारंभ किए ऑन-लाइन टेक्निकल सेशंस-
एई-जेई प्रशिक्षुओं को मिल रहा विशेषज्ञ मार्गदर्शन-

भोपाल । मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा नव नियुक्त सहायक अभियंताओं (एई) एवं कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) के तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ऑन-लाइन टेक्निकल सेशंस का द्वितीय चरण प्रारंभ किया गया है। इन सेशंस के माध्यम से प्रशिक्षु अभियंताओं को ट्रांसमिशन सिस्टम के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस पहल के प्रथम चरण में 100 ऑन-लाइन टेक्निकल सेशंस सफलतापूर्वक आयोजित किए गए थे, जिन्हें अभियंताओं से अत्यंत सकारात्मक फीडबैक प्राप्त हुआ। इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए अब द्वितीय चरण प्रारंभ किया गया है।
वर्तमान चरण में अधीक्षण अभियंता श्री सुनील यादव तथा कार्यपालन अभियंता अभिषेक वर्मा, प्रणय जोशी एवं आर.एस. यादव द्वारा विभिन्न तकनीकी विषयों पर व्याख्यान दिए जा रहे हैं। इन सेशंस में ट्रांसमिशन लाइन, सबस्टेशन उपकरण, ग्रिड आपरेशन , प्रोटेक्शन सिस्टम, मेंटेनेंस टेक्निक तथा ट्रांसमिशन सिस्टम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की जा रही है।
सतत् सीखने की संस्कृति को किया जा रहा है प्रोत्साहित-
एमपी ट्रांसको के जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत ओझा के अनुसार प्रारंभिक 4 से 5 सप्ताह तक यह कार्यक्रम मुख्य रूप से एई एवं जेई प्रशिक्षुओं के लिए संचालित किया जाएगा। इसके पश्चात इस पहल का विस्तार करते हुए कंपनी के अन्य नियमित अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा, जिससे तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण को और अधिक गति मिल सके।
यह पहल कंपनी में सतत् सीखने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विद्युत पारेषण प्रणाली के सुरक्षित, विश्वसनीय एवं दक्ष संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


