
भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में मंगलवार को तीन दिवसीय दीक्षारंभ का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। नए विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में आईआईएसईआर भोपाल के निदेशक प्रो. रघुवीर सिंह तोमर, प्रो-वाईस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी, डॉ. अनिल तिवारी तथा डॉ. पूजा चतुर्वेदी सहित विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हिंदी ओलंपियाड के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रघुवीर सिंह तोमर ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी ताकत उसका इकोसिस्टम होता है और आरएनटीयू का इकोसिस्टम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट है। उन्होंने कहा कि यहां शिक्षा के साथ एनसीसी, विश्वरंग, खेल, शोध और नवाचार जैसी अनेक गतिविधियों के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने, शिक्षकों से लगातार सीखते रहने और मेहनत को सफलता का आधार बनाने का आग्रह किया।
प्रो-वाईस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विभाग में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं तथा सभी विभागों में स्नातकोत्तर कार्यक्रम संचालित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अटल इन्क्यूबेशन सेंटर का अनुभव लेने के लिए प्रेरित किया और बताया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने खेलो इंडिया सहित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि आरएनटीयू के छात्र कॉमनवेल्थ गेम्स तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के शिक्षा दर्शन को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमों, विभिन्न समितियों और आरएनटीयू क्लब की गतिविधियों से अवगत कराया। साथ ही विद्यार्थियों से अटल इन्क्यूबेशन सेंटर जैसी नवाचार सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, नवाचार, खेल, शोध और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कर उन्हें पहले दिन से ही आत्मविश्वास के साथ अपनी नई शैक्षणिक यात्रा शुरू करने के लिए प्रेरित करना रहा। आगामी सत्रों में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं, विभागों और गतिविधियों से विस्तार से परिचित कराया जाएगा।



