यशमीत के दो गोल से डीपीएस कोलार फाइनल में, आइकॉनिक और कैंपियन भौरी के बीच होगा दूसरा सेमीफाइनल

भोपाल, 4 अगस्त। यूज़लोकेटर आइकॉनिक इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में मंगलवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डीपीएस कोलार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मानसरोवर स्कूल को 3-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
डीपीएस कोलार की जीत के नायक रहे यशमीत, जिन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दो शानदार गोल दागे। टीम के खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान आक्रामक और अनुशासित खेल दिखाया तथा मानसरोवर स्कूल को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया। डीपीएस कोलार की सशक्त रणनीति और शानदार तालमेल ने उन्हें एकतरफा जीत दिलाई।
इससे पहले दूसरे दौर के मुकाबले में मानसरोवर स्कूल ने कैन्यन स्कूल को 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। उस मैच में भी टीम ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने खेल की मजबूती का परिचय दिया था।
अब टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कल आइकॉनिक स्कूल और कैंपियन स्कूल, भौरी के बीच खेला जाएगा। इस रोमांचक मुकाबले के विजेता का सामना फाइनल में डीपीएस कोलार से होगा।


