खबरमध्य प्रदेश

जीनगर समाज संगठन की शक्ति से समाज नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगा : जगदीश देवड़ा

जीनगर समाज की राष्ट्रीय कार्य समिति एवं प्रबुद्ध जन बैठक में 10 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों सहित देशभर के पदाधिकारी हुए शामिल, नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ

भोपाल। अखिल भारतीय जीनगर समाज एकीकरण महासभा (मध्यप्रदेश) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्य समिति एवं प्रबुद्ध जन बैठक हिंदी भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री  जगदीश देवड़ा एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती रेणु देवड़ा रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारत माता तथा महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।इस अवसर पर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  लोकेश परमार ने जीनगर समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक उत्थान, संगठन विस्तार तथा समाज की विभिन्न लंबित मांगों के संबंध में उपमुख्यमंत्री  जगदीश देवड़ा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि महासभा का उद्देश्य पूरे देश में जीनगर समाज को एक सूत्र में जोड़कर शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता और युवा सशक्तिकरण को नई दिशा देना है। समाज के प्रत्येक परिवार तक संगठन की पहुँच सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि “जीनगर समाज शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। समाज की जनहित से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक एवं संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा। संगठित समाज ही विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करता है और राज्य सरकार समाजहित के रचनात्मक प्रयासों के साथ खड़ी है।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री  देवड़ा के करकमलों से नवनियुक्त राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए तथा समाज सेवा, संगठन, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने समाजहित में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया तथा मध्यप्रदेश में संगठन की गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। राष्ट्रीय महामंत्री  ओमप्रकाश डाबी ने संगठन की भावी योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष  लक्ष्मीनारायण सिसोदिया ने संगठन की वित्तीय एवं विकासात्मक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री टीकमचंद चौहान ने समाज में शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवानदास ढालिया ने किया। उन्होंने कहा, “संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में होती है। जब देशभर का जीनगर समाज एक लक्ष्य और एक विचार के साथ आगे बढ़ेगा, तब समाज शिक्षा, रोजगार, सामाजिक प्रतिष्ठा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। यह बैठक समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक अवसर है।”बैठक में देश के 10 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने भाग लेकर अपने-अपने राज्यों की संगठनात्मक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की। समाज के विस्तार, सदस्यता अभियान, युवा नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।इस अवसर पर राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीकमचंद चौहान, राष्ट्रीय प्रवक्ता किरणबाला जीनगर, स्वरूप सिंह पवार, बजरंग दल खत्री, गोविंद गोयल, पंकज चौहान,अशोक ढालिया, ओमप्रकाश डाबी, ओमप्रकाश बोराना,अनिल सांखला, चंपालाल चितारा,महेश सोनगरा,कमलेश सिसोदिया,कन्हैयालाल सोनगरा, पार्षद सरोज हरिओम आसेरी, किरण गणेश सोनगरा, घनश्याम पवार, अशोक सांकले, किशोर डाबी, सोमनाथ गोयल,अभिषेक चौहान,रवि पंवार,संजय डाबी सहित देशभर से आए राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी,8 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button