खबर

जयपुर खजाना कांड में हो गया खुलासा: हवेली की तुड़ाई में निकली 66.4 किलो चांदी,10 महीने बाद खुला राज

राजधानी के माणक चौक इलाके में पुरानी हवेली की तुड़ाई के दौरान सामने आए कथित खजाने और 66.400 किलो चांदी की बरामदगी ने करीब 10 महीने पुराने मामले का नया राज खोल दिया है। पुलिस ने लंबी तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला 15 जुलाई 2026 को माणक चौक थाने में दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, विद्याधर का रास्ता स्थित एक पुरानी हवेली को गिराकर नया निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान मलबे में चांदी की सिल्लियां, सोने के सिक्के और पुराने चांदी के सिक्के समेत बड़ी मात्रा में कीमती सामान मिलने का दावा किया गया।

हवेली की तुड़ाई से शुरू हुआ ‘खजाने’ का खेल

पुलिस के मुताबिक भवन की तुड़ाई का काम करने वाले मिस्त्री को पहले ही भवन मालिक ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि तुड़ाई के दौरान कोई भी कीमती सामान, धातु या अन्य संपत्ति मिले तो उसे मालिक को सौंपना होगा। आरोप है कि इसके बावजूद कीमती सामान मिलने के बाद इसे कथित तौर पर अपने साथियों के साथ छिपाकर बेचने की योजना बनाई गईपुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 10-15 चांदी की सिल्लियां, जिनका वजन लगभग 40-45 किलो बताया गया, 14-15 सोने के सिक्के और करीब 8-10 हजार पुराने चांदी के सिक्के समेत अन्य सामान अपने कब्जे में लिया था।

10 महीने बाद पुलिस ने खोला राज

इस मामले की सबसे दिलचस्प कड़ी यह है कि घटना के बाद पुलिस के सामने तत्काल ठोस साक्ष्य नहीं थे। न सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध था और न ही घटना के समय के पर्याप्त प्रत्यक्ष प्रमाण। ऐसे में पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों और पुराने रिकॉर्ड को खंगालना शुरू किया।

पुलिस ने तकनीकी इंटेलिजेंस, मोबाइल सीडीआर, संदिग्धों की निगरानी और मुखबिर तंत्र को एक साथ इस्तेमाल किया। जांच के दौरान आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

पुलिस को यह तथ्य संदिग्ध लगा कि जिन लोगों की पहले की आर्थिक स्थिति सामान्य थी, वे अचानक बड़े स्तर पर आर्थिक गतिविधियां करने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनकी जयपुर और आसपास के इलाकों में की गई गतिविधियों पर फोकस किया।

‘खजाने’ के बाद बदली जिंदगी ने खड़ा किया शक

जांच में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर हवेली की तुड़ाई में मिला कथित खजाना गया कहां? पुलिस के अनुसार आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों में बदलाव और संदिग्ध लेनदेन की कड़ियां सामने आने के बाद जांच आगे बढ़ी।

संदिग्धों की लगातार निगरानी और पूछताछ के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 66.400 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद कर जब्त की गई हैं।

पुलिस अब तलाश रही खजाने की पूरी कहानी

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हवेली से कथित तौर पर मिला पूरा कीमती सामान कितना था, उसमें से कितना बेचा गया और बाकी सामान कहां गया। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे और बरामदगी तथा खुलासे की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button