अभिषेक पोरेल पर मेडिकल छात्रा ने क्या आरोप लगाए? क्रिकेटर की गिरफ्तारी के बाद क्या बोली पुलिस

युवा क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी की खबर ने खेल जगत को हिला कर रख दिया है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल में खेलने वाले बंगाल के इस क्रिकेटर को एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया गया है। एक मेडिकल छात्रा ने पोरेल पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के साथ मारपीट और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है।
पोरेल की गिरफ्तारी के बाद हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, ‘उनके खिलाफ मामला दर्ज था और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अदालत का आदेश था। उन्हें कल देर रात गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अदालत में पेश किया गया।’ पुलिस के मुताबिक, पोरेल को मोगरा पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार किया था। उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई गिरफ्तारी
मेडिकल छात्रा ने 23 जून को दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक की एक युवा मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस थाने में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया कि वह और पोरेल करीब साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे और दोनों ने शादी करने की योजना बनाई थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों विदेश यात्रा पर साथ गए थे, लेकिन बाद में पोरेल ने उनके रिश्ते से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।



