पुलिस की पिस्तौल छीनकर भाग रहे बदमाश ने दारोगा को मारी गोली, जवाबी कार्रवाई में घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम से दिल्ली ले जाए जाते समय पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहे एक बदमाश ने मुख्य आरक्षी की पिस्तौल छीनकर दारोगा को गोली मार दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश भी घायल हो गया।
मांट क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक अमरनाथ यादव ने बुधवार को बताया कि दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के जहांगीरपुरी थाने की एक विशेष टीम मंगलवार रात वांछित अभियुक्त वसीम अकरम उर्फ लंबू को पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम से गिरफ्तार कर दिल्ली ला रही थी। उन्होंने बताया कि मध्यरात्रि में नौहझील थाना क्षेत्र में अकरम ने लघुशंका के बहाने वाहन रुकवाया और नीचे उतरने के बाद मुख्य आरक्षी हरीश की सर्विस पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया।
यादव ने बताया कि पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने जब अकरम का पीछा किया तो उसने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली उप निरीक्षक अजय कुमार की बांह में लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पैर में गोली लगने से अकरम घायल हो गया। उन्होंने बताया कि बदमाश को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ दिल्ली पुलिस के एक अन्य मुख्य आरक्षी नरसी राम ने नौहझील थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। घायल उप निरीक्षक अजय कुमार और अभियुक्त वसीम अकरम उर्फ लंबू (29) को नौहझील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



