तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की दर्दनाक मौत

बिहार के भागलपुर जिले में एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा शनिवार देर शाम जिले के बाईपास थानाक्षेत्र में कजरैली रोड के पास हुआ। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अंशु कुमार (18), सावन कुमार (17) और आशुतोष कुमार (18) के तौर पर हुई है। बाईपास थाने के प्रभारी विकास कुमार ने कहा, ”तीनों लड़के नई मोटरसाइकिल पर यूं ही घूमने निकले थे, तभी भागलपुर से बांका जा रही एक बस की उस दोपहिया वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई।”
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव संबंधित युवकों के परिवार को सौंप दिए गए। थाना प्रभारी ने कहा, ”पुलिस ने मोटरसाइकिल और बस को जब्त कर लिया है, लेकिन बस चालक भागने में कामयाब रहा।”




