सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आरएनटीयू में विद्यार्थियों से रूबरू हुए मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार, छात्रवृत्ति एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का दिया आश्वासन

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण एवं सेवा संकल्प की भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के माननीय सदस्य बरेलाल अहिरवार ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), रायसेन का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं को सुना तथा शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के डीन डॉ. एच. डी. वर्मा, एचओडी डॉ. अशोक वर्मा, डिप्टी रजिस्ट्रार एस्टेब्लिशमेंट समीर चौधरी जी विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस मौके पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बारेलाल अहिरवार ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा करना और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। अनुसूचित जाति के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए भी हम सदैव तत्पर हैं। हमारे लिए सभी वर्ग समान हैं और प्रत्येक व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा विकास के समान अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए विशेष रूप से कृषि क्षेत्र से संबंधित शासकीय योजनाओं, सुविधाओं और सहायता प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य आमजन, किसानों और विद्यार्थियों को सशक्त बनाना है। आवश्यकता इस बात की है कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुँचे और वे उनका लाभ प्राप्त कर सकें।
छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर देते हुए श्री अहिरवार ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि किसी भी छात्र या छात्रा को छात्रवृत्ति प्राप्त करने अथवा उससे संबंधित प्रक्रिया में कोई परेशानी आती है, तो वे अपनी समस्या अवश्य साझा करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग एवं उचित स्तर पर प्रयास किए जाएंगे, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा बाधित न हो। उन्होंने विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा, छात्रवृत्ति, कृषि एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं। अहिरवार ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना और उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। इस संवाद से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएँ साझा करने तथा उनके समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। श्री अहिरवार एवं विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने, हरित वातावरण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ संगीता जौहरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना, विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनना, छात्रवृत्ति एवं शिक्षा से संबंधित कठिनाइयों के समाधान के लिए सहयोग प्रदान करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता, जनसेवा और सभी वर्गों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।




