मध्य प्रदेश: पटवारी ने बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पार की नदी; वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप;

मध्य प्रदेश के सीधी जिले की माटा ग्राम पंचायत से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। बुधवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में माटा ग्राम पंचायत के पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर छोटी नदी पार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि जिस नदी को पटवारी बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पार करते दिखाई दे रहे हैं, उसमें पूरे साल थोड़ा-बहुत पानी रहता है। नदी पार करने के बाद ही गांव के बुजुर्ग लालवा केवट के घर और जमीन तक पहुंचा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले सर्दियों के मौसम में लालवा केवट की फसल को भालू समेत अन्य जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। इसके अलावा उनके घरों को भी जंगली जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई थी। इसी मामले में सर्वे करने के लिए पटवारी नीलेश नामदेव उनके घर पहुंचे थे।




