खबरमध्य प्रदेश

पीएम श्री मोदी वह सब काम कर रहे हैं, जो राम राज्य में होता था : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 12 वर्षो में वह सब काम किया है जो रामराज में होता था। उन्होंने निरंतर कठिन मेहनत करके इस देश को आगे बढ़ाने में कामयाबी हासिल की है। प्रधानमंत्री ने अपने आराम की भी चिंता नहीं की और 25 वर्षों में एक दिन भी छुट्टी नहीं ली है। हमें एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिनके द्वारा दी गई सौगातें लंबे समय तक याद रहेगी। वे गरीब आदमी को रहने के लिए मकान और जीवन यापन के लिए निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का पुण्य कार्य कर रहे है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात आज उज्जैन में रामघाट शिप्रा तट पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित दीपोत्सव समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री हैं और वह आने वाले अक्टूबर माह में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का गौरवशाली कार्यकाल पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर आज मध्यप्रदेश में हमने उनके सपने को साकार करने का प्रयास किया है। अब प्रदेश के सभी गांव में 50 लाख से अधिक लोगों को जिनके मकान खेत खलिहान के पट्टे हैं, उनकी रजिस्ट्री करने का अभियान चलाया चलाया जा रहा है। यह नि:शुल्क रजिस्ट्री की सौगात मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने आज प्रधानमंत्री का जन्मदिन दिवस मनाया। हम उम्मीद करते हैं कि आज का दीपोत्सव सबके जीवन से अंधकार मिटाए। मानवता के लिए जियो और जीने दो की सनातन धर्म की धारणा प्रधानमंत्री के कार्यकाल में मजबूत हुई है और भारत एक स्वर्णिम इतिहास लिख रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि वे उज्जैन की देवभूमि को प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 50 लाख लोगों को जमीन का हक दिलाने का काम किया है। यह काम प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2020 में शुरू किया था जिसको आज पूर्णता मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदान की गई है। अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देश में सांस्कृतिक विरासत को मजबूत किया है और सनातन धर्म का परचम लहराया है। उन्होंने गरीब लोगों के जीवन में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की वजह से ही लोगों को आशियाना मिला है और गांव की महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। वर्ष 2014 में सत्ता परिवर्तन नहीं सोच का परिवर्तन हुआ है, जो आज परीलक्षित हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन ने उज्जैन की जनता का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दीर्घायु होने के लिए लाखों दीप जलाकर कामना की। उज्जैनवासियों का अभिनंदन किया। वरिष्ठ विधायक और प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने इस अवसर पर कहा कि आज उज्जैन में लाखों लोगों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को दीप जलाकर उनके जन्म दिवस पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हमें एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिन्होंने देश की अप्रतिम सेवा की है। आम लोगों की जो भी तकलीफ है उसको अपने 12 साल के कार्यकाल में दूर किया है। वरिष्ठ विधायक श्री खंडेलवाल ने उज्जैन में आयोजित भव्य समारोह के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बधाई दी।

इस अवसर प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ,प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल ,विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा, श्री सतीश मालवीय, म.प्र. गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन ,नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, डॉ. प्रभु लाल जाटवा, डॉ. सनवर पटेल, श्रीमती लता वानखेड़े एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button