खबर

मुरैना में हादसा: खड़े रिक्शा से टकराई बेकाबू बाइक, एक ही परिवार के चार की मौत; दंपति और दो बच्चों की गई जान

मुरैना जिले से गुजर रहे नेशनल हाईवे-44 पर नूराबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा जेके टायर फैक्ट्री के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार परिवार ग्वालियर की तरफ से मुरैना की ओर आ रहा था। इसी दौरान जेके टायर फैक्ट्री के पास सड़क किनारे कचरा ढोने वाला एक रिक्शा खड़ा था। बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर रिक्शे से टकरा गई।

टक्कर के बाद बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान तेज रफ्तार किसी ट्रक या अन्य भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दंपती और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान के लिए प्रयास कर रही है और आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। बाइक रिक्शे से कैसे टकराई और उसके बाद चारों किस वाहन की चपेट में आए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी लेने का प्रयास कर रही है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक ही परिवार के चार लोगों की जान लेने वाले इस हादसे की असली वजह क्या थी और किस वाहन की टक्कर से उनकी मौत हुई। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button