खबर

हरियाणा में दर्दनाक हादसा: गणेश विसर्जन से लौट रहे दो युवकों की पिकअप की चपेट में आने से मौत, एक घायल

हरियाणा के हिसार जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गणेश विसर्जन करके लौट रहे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदयविदारक घटना रविवार शाम करीब 7 बजे गांव बधावड़ के पास हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

गणेश विसर्जन से लौट रहे थे युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरवाला के वार्ड संख्या 3 के रहने वाले लोग रविवार को गांव खरक पूनिया के समीप स्थित नहर में गणेश विसर्जन करने गए थे। विसर्जन कार्यक्रम पूरा होने के बाद सभी लोग अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान, वार्ड 3 निवासी मोहित (23), वंश (19) और यशु एक ही बाइक पर सवार होकर आ रहे थे।

पिकअप का टायर फटने से हुआ हादसा
गांव बधावड़ के पास पहुंचते ही अचानक उनके बगल से गुजर रही एक पिकअप गाड़ी का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। टायर फटने से पिकअप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित पिकअप की चपेट में बाइक सवार तीनों युवक आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।मृतक एक साथ करते थे काम
घटना के तुरंत बाद साथ चल रहे परिजनों और अन्य लोगों ने घायलों को संभाला और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहित और वंश को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक यशु का इलाज जारी है। हादसे का शिकार हुए मोहित और वंश दोनों एक गारमेंट्स की दुकान पर काम करते थे। इस अचानक हुई दुर्घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button