अध्यात्ममध्य प्रदेश

राधा अष्टमी पर राधिका कुंज में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, महाआरती के साथ पट बंद ​लायन अरुण कुमार सोनी का हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन

विदिशा। शहर के प्रसिद्ध एवं प्राचीन राधिका कुंज मंदिर में राधा अष्टमी का पावन महा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। वर्ष में केवल एक बार मिलने वाले राधारानी के विशेष दर्शनों के लिए सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने राधारानी के अलौकिक रूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं पुण्य लाभ प्राप्त किया।
​नोटों की सजावट और सोने-चांदी का अलौकिक श्रृंगार
राधा अष्टमी के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया गया था। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर नोटों की लड़ियों से की गई विशेष सजावट आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, गर्भगृह में विराजमान राधारानी का सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषणों तथा दिव्य वस्त्रों से भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देख भक्त भावविभोर हो उठे।
​मानव अधिकार आयोग के प्रादेशिक अध्यक्ष बनने पर लायन अरुण कुमार सोनी का सम्मान
इस पावन अवसर पर राधिका कुंज मंदिर के सेवाधारियों एवं भक्तों द्वारा समाजसेवी व लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग का प्रादेशिक अध्यक्ष नियुक्त होने पर संजय गुप्ता एवं मंदिर के पुजारी पंडित राकेश शर्मा द्वारा उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। श्री सोनी आयोजन में लंबे समय तक उपस्थित रहे और रात्रि में महाआरती के बाद पट बंद होने तक भक्तिभाव में लीन रहे।
​वर्ष में केवल एक बार सुलभ होते हैं दर्शन
मंदिर के पुजारी पंडित राकेश शर्मा ने बताया कि राधिका कुंज में राधारानी के पावन पट श्रद्धालुओं के लिए वर्ष में केवल एक ही दिन यानी राधा अष्टमी के अवसर पर खोले जाते हैं। हालांकि, वर्षभर मंदिर के अंदर राधारानी की नियमित सेवा, पूजा-अर्चना, भोग और आरती की परंपरा निभाई जाती है, लेकिन आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन केवल इसी दिन सुलभ होते हैं।
​पट बंद होते ही भावुक हुए श्रद्धालु
दिनभर चले दर्शन-पूजन के बाद रात्रि ठीक 11 बजे राधारानी की विशेष महाआरती की गई। महाआरती के उपरांत जैसे ही राधारानी के पावन पट बंद किए गए, वहां मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। पट बंद होने के साथ ही इस वर्ष के राधा अष्टमी महोत्सव का समापन हो गया।
​इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान संजय गुप्ता, अजय गुप्ता, रिंकू भैया, सुशील शर्मा, शिव मंडली अंदर किला, अनंत श्रीवास्तव, ताहिर अली, श्याम तिवारी (बरबई), आलोक शर्मा (अशोकनगर), निवेश ठाकुर (बीना), शिव राजपूत (बीना), प्रिंस साहू (खुलरी नरसिंहपुर), चंद्र वाधवानी, प्रियांश अग्रवाल, अस्तित्व श्रीवास्तव, अंकित चिढ़ार एवं राज बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button