रात 2.30 बजे महिला सरपंच बोली- पेट में मरोड़ हो रहा है, मालिश करतेे दिखा सांप के डसने का निशान, कमरे में था करैत, हुई मौत

सरगुजा संभाग में बारिश के सीजन में हर साल सर्पदंश से दर्जनों लोगों की मौत हो जाती है। इस वर्ष भी 4 दर्जन से अधिक लोगों की सर्पदंश से मृत्यु हो चुकी है। इसी बीच सरगुजा जिले के बतौली की महिला सरपंच को गुरुवार की रात करीब 2.30 बजे जमीन पर सोते समय करैत सांप ने पेट में डस (Snake bite to female Sarpanch) लिया। उसकी नींद खुली तो पति से कहा कि पेट में मरोड़ हो रहा है। परिजन मालिश करने लगे तो पेट पर सांप के डसने के निशान मिले। इसके बाद परिजनों ने कमरे में खोजबीन शुरु की तो वहां करैत सांप पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने सांप को टब से ढका और स्थानीय अस्पताल ले गए। यहां से रेफर किए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज शुरु होते ही सरपंच की मौत हो गई।
सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत बतौली की सरपंच जगरमती पैंकरा पति विशुन पैंकरा 48 वर्ष के घर 10 सितंबर को मेहमान आए थे। रात में खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए। इधर सरपंच अपने पलंग पर न सोकर जमीन पर सो रही थी। उसने पलंग मेहमानों को दे दिया था। रात करीब ढाई बजे अचानक उसकी नींद खुल गई वह उल्टियां करने लगी।पति समेत अन्य परिजनों ने पूछताछ की तो बताया कि पेट में मरोड़ हो रहा है। सामान्य पेट दर्द सोचकर घर की महिला सदस्य मालिश करने लगीं। इसी दौरान उन्हें सरपंच के पेट पर सांप के डसने (Snake bite) का निशान दिखा। निशान देखते ही उनके होश उड़ गए।
कमरे में लेटा हुआ था सांप
परिजनों ने जब कमरे में खोजबीन शुरु की तो वहां एक करैत सांप लेटा हुआ था। इसके बाद उन्हें पूरा यकीन हो गया कि सांप ने ही महिला सरपंच को डस लिया है। फिर आनन-फानन में उसे शांतिपारा सामुदायिक सवास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर (Ambikapur Medical college hospital) के लिए रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत
शांतिपारा अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद परिजन एंबुलेंस से महिला सरपंच को लेकर रात में ही अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। यहां इलाज शुरु होते ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना था कि सांप का जहर (Snake poison) पूरे शरीर में फैल चुका है, इस वजह से एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन लगाने के बाद भी स्थिति को संभाला नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि सांप डसने का पता काफी देर से चलने की वजह से भी ये घटना हो गई। इधर पीएम पश्चात शुक्रवार को सरपंच का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

