खबरमध्य प्रदेश

सुप्रतिष्ठित ‘राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान वर्ष 2026’ संगीत निर्देशक शान्‍तनु मोइत्रा को, 27 एवं 28 सितम्‍बर को अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्‍या, सचेत – परम्‍परा की विशेष गीत-संगीत प्रस्‍तुति

भोपाल/इन्‍दौर। मध्‍यप्रदेश शासन का सुप्रतिष्ठित राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान वर्ष 2026 संगीत निर्देशन के लिए सुविख्‍यात संगीतकार श्री शान्‍तनु मोइत्रा, मुम्‍बई को प्रदान किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए संचालक, संस्‍कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि उन्‍हें यह सम्‍मान स्‍वर कोकिला एवं भारत रत्‍न लता मंगेशकर की जन्‍मस्‍मृति पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्‍या के अवसर पर प्रदान किया जायेगा।

उन्‍होंने बताया कि मध्‍यप्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन – इंदौर के सहयोग से अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्‍या का आयोजन 27 एवं 28 सितम्‍बर, 2026 को लता मंगेशकर सभागार, वी.आई.पी. परस्‍पर नगर, इंदौर में सायं 7 बजे से आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में 27 सितम्‍बर, 2026 को अमर लता हमारी लता….. संगीत संध्‍या आयोजित होगी। इसमें इंदौर के गायक कलाकार श्री अभय आहूजा, श्री विवेक भारद्वाज, सुश्री संजोत बरोट, सुश्री पद्मा शुक्‍ला, सुश्री सुषमा राव, श्री सिद्धार्थ दुबे, सुश्री वैशाली चौहान, सुश्री मुस्‍कान चौहान, सुश्री सौम्‍या सिन्‍हा एवं सुश्री दीपिका पुरोहित द्वारा गीत-संगीत की प्रस्‍तुति दी जाएगी। इस संगीत संध्‍या में प्रवेश नि:शुल्‍क रहेगा।

संचालक, संस्‍कृति ने बताया कि 28 सितम्‍बर, 2026 राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्‍या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुविख्‍यात संगीतकार श्री शान्‍तनु मोइत्रा, मुम्‍बई को अलंकृत किया जाएगा। सम्‍मान स्‍वरूप कर मुक्‍त रुपये 5 लाख की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद सुविख्‍यात गायक जोड़ी सचेत – परम्‍परा की संगीत संध्‍या होगी। इस कार्यक्रम में भी प्रवेश नि:शुल्‍क रहेगा।

राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान
संचालक, संस्‍कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्‍मक श्रेष्‍ठता को प्रोत्‍साहित करने की दृष्टि से मध्‍यप्रदेश शासन द्वारा राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान वर्ष 1984 में स्‍थापित किया गया था। यह सम्‍मान बारी-बारी से संगीत रचना और गायन के लिए प्रदान किया जाता है। इस सम्‍मान से अब तक 42 विभूतियां अलंकृत हो चुकी हैं। विगत वर्ष आयोजित अलंकरण समारोह में वर्ष 2024 का संगीत निर्देशन के लिए श्री शंकर – एहसान – लॉय, मुम्‍बई एवं वर्ष 2025 का पार्श्‍व गायन के लिए श्री सोनू निगम, मुम्‍बई को अलंकृत किया गया था।

श्री शान्‍तनु मोइत्रा
श्री शान्‍तनु मोइत्रा भारतीय सिनेमा के उन संगीतकारों में हैं, जिनकी रचनाओं में सुरों की मधुरता के साथ संवेदनाओं, लोकधुनों और जीवन के अनुभवों की गहरी छाप दिखाई देती है। 22 जनवरी, 1968 को लखनऊ में जन्मे श्री मोइत्रा ने विज्ञापन जगत से संगीत की दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर हिंदी सिनेमा के प्रमुख संगीतकार एवं बैकग्राउंड स्कोर कम्पोजर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। ‘परिणीता’, ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘मद्रास कैफे’, ‘पीकू’, ‘अक्टूबर’ एवं ‘12वीं फेल’ जैसी फिल्मों में उनका संगीत कहानी के भावों को स्वर देता है। उनकी कला को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है। तेलुगु फिल्म ‘ना बंगारू तल्‍ली’ के लिए उन्हें 2014 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन – बैकग्राउंड स्कोर) प्राप्त हुआ।

सांस्‍कृतिक विरासत का संर‍क्षण
श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि मध्‍यप्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग की निरन्‍तर अपनी सांस्‍कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रसारित करने की परम्‍परा है। यह अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्‍या उसी परम्‍परा का अनुसरण है। हमारे प्रदेश में अनेक महान विभूतियों का जन्‍म हुआ एवं उन्‍होंने कार्य भी किया। यह हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है कि स्‍वर कोकिला भारत रत्‍न लता मंगेशकर का जन्‍म मध्‍यप्रदेश के इंदौर में हुआ। उन्‍होंने हजारों गीत गाये जो आज भी लोकप्रिय हैं। ऐसे आयोजनों से यही प्रयास होता है कि युवा पीढ़ी अपनी विरासत से परिचित हो एवं उसे आगे बढ़ाने का कार्य भी करे। संस्‍कृति विभाग द्वारा महान विभूतियों के नाम पर 20 से भी अधिक सम्‍मान स्‍थापित हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button