7 दिन से लापता किशोर का कुएं में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

जिले के लूणदा क्षेत्र में सात दिन से लापता 17 वर्षीय किशोर का शव शनिवार को एक कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर की पहचान प्रकाश चंद्र पुत्र भूर सिंह, निवासी नाहरपुरा के रूप में हुई है। शव विरिया गांव में एक कुएं में मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद्र करीब सात दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में किशोर के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। परिजन और पुलिस पिछले कई दिनों से किशोर की तलाश में जुटे थे।
कुएं में दिखाई दिया शव
शनिवार को नाहरपुरा से करीब तीन किलोमीटर दूर विरिया गांव में स्थित एक कुएं में ग्रामीणों को शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर कानोड़ थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।



