उदयपुर जिले में तेज रफ्तार कार ट्रेलर से भिड़ी, 2 मेडिकल स्टूडेंट समेत 3 की मौत, 2 गंभीर घायल
जिले में शनिवार को तेज रफ्तार कार का भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई और उछलकर दूसरे लेन में चली गई। वहीं सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो मेडिकल स्टूडेंट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ट्रेलर चालक ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे रामदेवजी मंदिर से लगभग 100 मीटर दूर हुआ। पुलिस के अनुसार कार देबारी की तरफ से अंबेरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार उछलकर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से उसकी भिड़ंत हो गई।
कार में सवार थे चारों मेडिकल स्टूडेंट
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बताया कि कार में सवार चारों युवक-युवतियां उदयपुर के उमरड़ा स्थित पैसिफिक मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहे थे। हादसे में ग्वालियर निवासी उदय बंसल और बिलासपुर निवासी रुचिका परिहार की मौत हो गई।
2 मेडिकल स्टूडेंट और ट्रेलर चालक की मौत
मृतकों में उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल, निवासी मधुवन कॉलोनी, थातीपुर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) और रुचिका परिहार (25) पुत्री रघुनाथ परिहार, निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) शामिल हैं। वहीं हादसे में सीमेंट के ट्रेलर का चालक नसीराबाद (अजमेर) निवासी अनवर पुत्र सय्यर घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान एमबी अस्पताल में मौत हो गई।
एक छात्र और एक छात्रा की हालत नाजुक
वहीं शशांक सिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण, निवासी हरियाणा, गंभीर घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए पेसिफिक हॉस्पिटल भीलों का बेदला में भर्ती कराया गया है। कार में सवार एक अन्य छात्रा वंशिका भी गंभीर रूप से घायल है, उसे जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। चारों पेसिफिक मेडिकल कॉलेज उमरड़ा में एमबीबीएस फाइनल ईयर के स्टूडेंट हैं, जिनमें से दो लोगों की जान चली गई।
बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे छात्र
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र एमबी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो गए।
कार की बॉडी काटकर निकाले शव और घायल
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार से शवों और घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया।
क्रेन से हटाए वाहन, फिर बहाल हुआ यातायात
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जाने की बात सामने आई है



