सेवा संकल्प अभियान के तहत सामूहिक योगाभ्यास आयोजित उप मुख्यमंत्री ने 2047 के विकसित भारत और स्वस्थ जीवन शैली का दिया संदेश

भोपाल 27 सितंबर 2026. जिले भर में 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रीवा में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ स्वयं योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल बातें करने या निष्क्रिय बैठने से उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति नहीं हो सकती, इसके लिए निरंतर संकल्प और प्रयास की आवश्यकता होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि बीते 25 वर्षों में उनके एक बार भी बीमार न पड़ने का मुख्य कारण उनका अनुशासित जीवन, संतुलित खान-पान तथा नियमित व्यायाम, योग और प्राणायाम है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की इस प्राचीन विधा को आज संपूर्ण विश्व ने स्वीकार किया है। 21 जून को मनाए जाने वाले ‘विश्व योग दिवस’ के माध्यम से आज पूरी दुनिया यह मानने को मजबूर हुई है कि योग और प्राणायाम ही मानव समाज को निरोग रख सकते हैं। बचाव इलाज से बेहतर है – इस सिद्धांत को अपनाकर यदि हम बीमार ही न पड़ें, तो दवाइयों की आवश्यकता ही नहीं होगी।
श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आवास योजना, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छता अभियान, आधुनिक सड़कों, रेलवे और हवाई अड्डों का ऐतिहासिक विस्तार हुआ है। भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘मेड इन इंडिया’ के तहत सेमीकंडक्टर निर्माण के 3 बड़े प्लांट शुरू हो चुके हैं और 4 अन्य पर काम जारी है, जिससे देश की करोड़ों रुपये की विदेशी मुद्रा बच रही है। उन्होंने कहा कि जीवनदायिनी बाणसागर परियोजना को पूरा होने में 35 साल लग गए। यदि यह योजना समय पर पूरी हो जाती तो विंध्य क्षेत्र की तस्वीर काफी पहले बदल चुकी होती।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं और बच्चों में देश के प्रति स्पष्ट विज़न जगाना है। 2047 तक भारत को विश्व की सर्वोच्च ऊँचाई पर पहुँचाने और उस ऊँचाई को बनाए रखने के लिए युवाओं का संस्कारित, शिक्षित, जागरूक और राष्ट्र के प्रति समर्पित होना अत्यंत आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को 6 महीने में रक्तदान करना चाहिए ताकि आपात स्थिति या प्रसव के समय ब्लड बैंकों पर निर्भर न रहना पड़े और समाज स्वयं आगे बढ़कर जीवन रक्षा में अपनी भूमिका निभाए।
कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित एथलेटिक्स, फ़ुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और टीमों को उप मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों से शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, संभागीय खेल अधिकारी एम.के. धौलपुरी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



