एमपीटी न्यू थिंक ने जीता एमपी टूरिज्म कर्मचारी एकता क्रिकेट टूर्नामेंट
फाइनल में एमपीटी फाइनेंस को 24 रन से हराया

भोपाल, 26 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन अधिकारी एवं कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में आयोजित एमपी टूरिज्म कर्मचारी एकता क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का समापन 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस ग्राउंड, नेहरू नगर, भोपाल में हुआ। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आठ टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबले में एमपीटी न्यू थिंक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमपीटी फाइनेंस को 24 रन से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में एमपीटी फाइनेंस, एमपीटी बिजनेस, एमपीटी इन्वेस्टमेंट प्रमोशन, एमपीटी मार्केटिंग, एमपीटी न्यू थिंक, एमपीटी इंजीनियर, एमपीटी इवेंट्स एवं एमपीटी एचआर की टीमों ने हिस्सा लिया। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (MPTB) के विभिन्न विभागों और इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खेल भावना और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के अंतिम दिन सेमीफाइनल मुकाबलों में एमपीटी बिजनेस, एमपीटी फाइनेंस, एमपीटी इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एवं एमपीटी न्यू थिंक की टीमों ने भाग लिया। इन मुकाबलों के बाद एमपीटी न्यू थिंक और एमपीटी फाइनेंस ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में एमपीटी न्यू थिंक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 120 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमपीटी फाइनेंस की टीम 94 रन ही बना सकी। इस प्रकार एमपीटी न्यू थिंक ने 24 रन से जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महासंघ के अध्यक्ष, महाप्रबंधक (GM) एवं उप महाप्रबंधक (DGM) द्वारा विजेता टीम को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित होटलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। होटल प्रबंधन, इंजीनियरिंग, वित्त, परिवहन, फ्रंट ऑफिस, शेफ, वेटर एवं अन्य विभागों के कर्मचारियों की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बनाया। इस प्रतियोगिता ने विभिन्न विभागों और इकाइयों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं एकता की भावना को और मजबूत किया। एमपी टूरिज्म कर्मचारी एकता क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, टीम भावना, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। यह आयोजन कार्यालयीन कार्यों से इतर सभी को एक साझा मंच प्रदान करता है तथा आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकता और सकारात्मक कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।




