नवचेतना कार्यक्रम के तहत बाल मेले का आयोजन, खेल-खेल में बच्चों के विकास का दिया संदेश

भोपाल, 27 अक्टूबर 2026। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत बरखेड़ी परियोजना के सेक्टर 41–42 में बाल मेले का सफल आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0–3 वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा माताओं एवं अभिभावकों को प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, विकास और खेल-आधारित सीखने के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
नवचेतना कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के प्रारंभिक विकास को बढ़ावा देने और परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुपरवाइज़र श्रीमती चित्रलेखा सोनी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने विभिन्न विकासात्मक स्टॉल एवं गतिविधियों का संचालन किया।
मेले में बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक, भाषायी, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से संबंधित गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। इनके माध्यम से माताओं एवं अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों के साथ नियमित बातचीत, खेल, सहभागिता और सकारात्मक व्यवहार द्वारा उनके प्रारंभिक विकास को किस प्रकार प्रोत्साहित किया जा सकता है। साथ ही, बच्चों के विकास में पोषण, देखभाल और घर पर सीखने के अनुकूल वातावरण की भूमिका पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विकास को समझने का प्रयास किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग तथा आंगनवाड़ी टीम के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से श्री शरद नंदनवार, श्रीमती निम्मा गुर्जर एवं सुश्री शिवानी कुशवाहा उपस्थित रहे। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की टीम ने नवचेतना कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप गतिविधियों के संचालन में सहयोग प्रदान किया।
बाल मेले के माध्यम से प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अभिभावकों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के सीखने और विकास के लिए अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में प्रयास किया गया।


